आंखों में मिर्च झोंककर लूट करने वाले दो शातिर दबोचे, फतेहाबाद पुलिस व सर्विलांस टीम की बड़ी सफलता - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 19 जुलाई 2026

आंखों में मिर्च झोंककर लूट करने वाले दो शातिर दबोचे, फतेहाबाद पुलिस व सर्विलांस टीम की बड़ी सफलता

आंखों में मिर्च झोंककर लूट करने वाले दो शातिर दबोचे, फतेहाबाद पुलिस व सर्विलांस टीम की बड़ी सफलता

लूटी गई बाइक और मोबाइल बरामद, तमंचा व कारतूस भी मिले; वारदात के 10 दिन बाद पुलिस ने कसा शिकंजा

आगरा। थाना फतेहाबाद पुलिस और सर्विलांस सेल पूर्वी जोन की संयुक्त टीम ने लूट की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने राहगीर की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर उसका मोबाइल फोन, नकदी और मोटरसाइकिल लूट ली थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, सैमसंग मोबाइल फोन, एक .315 बोर का तमंचा तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई को पीड़ित कैलाश कुमार ने थाना फतेहाबाद में शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 जुलाई की रात करीब 9 बजे वह भरापुरा से अपने घर लौट रहे थे। जब वह मल्लापुरा की पुलिया के पास पहुंचे, तभी 3-4 अज्ञात बदमाशों ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और उनसे एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, सैमसंग मोबाइल फोन तथा ₹1,200 नकद लूटकर फरार हो गए।

घटना के संबंध में थाना फतेहाबाद में मुकदमा संख्या 195/2026 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(2) के तहत दर्ज किया गया। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम और सर्विलांस सेल पूर्वी जोन ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

शनिवार को पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग और वांछित अपराधियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर रुपपुर की पुलिया के पास से घटना में शामिल रोहित पुत्र यजवीर उर्फ राजवीर, निवासी रुंधवाई, तथा धनीराम पुत्र हरीशचंद्र, निवासी गट्टपुरा, को गिरफ्तार कर लिया गया।

तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से एक .315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, लूटा गया सैमसंग मोबाइल फोन और एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 310(2) और 317(3) की बढ़ोतरी की गई। साथ ही अवैध हथियार मिलने पर दोनों आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत अलग से मुकदमा भी दर्ज किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है और यह भी जांच की जा रही है कि उन्होंने क्षेत्र में अन्य लूट की घटनाओं को भी अंजाम दिया है या नहीं।

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक सागर सिंह, उपनिरीक्षक शिवप्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक श्रीकांत वर्मा, उपनिरीक्षक यासिर बेग सहित थाना फतेहाबाद पुलिस एवं सर्विलांस सेल पूर्वी जोन की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

video

Pages