होनहारों का बढ़ा हौसला, टेड़ी बगिया में सजा प्रतिभा सम्मान समारोह,85 विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान से गूंजा बाबा झम्मन लाल इंटर कॉलेज, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर बढ़ाया गया उत्साह
जनपद आगरा:- शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के उद्देश्य से राहुल नगर, टेड़ी बगिया स्थित बाबा झम्मन लाल इंटर कॉलेज में सिद्दीकी जमात वेलफेयर सोसायटी आगरा के बैनर तले भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में हिंदुस्तान ओलंपियाड में शानदार प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम पूरे समय उत्साह, प्रेरणा और शिक्षा के प्रति समर्पण के भाव से सराबोर रहा।
समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट वर्ग के 46 मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया,जबकि जूनियर वर्ग के 39 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इस प्रकार कुल 85 विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी प्रतिभा और मेहनत का उत्साहवर्धन किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। अभिभावकों ने भी अपने बच्चों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए ऐसे आयोजनों की सराहना की।
विद्यालय के प्रबंधक कय्यूम सिद्दीकी ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज सम्मानित होने वाले छात्र-छात्राएं आने वाले समय में समाज और देश का नाम रोशन करेंगे। जूनियर प्रधानाचार्य परवीन अहमद ने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से ही नहीं, बल्कि अच्छे नागरिक के रूप में भी तैयार करना है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार की ओर से अकील खान, पवन कुमार, सुमन मलिक, आशियाना, नीलम, पूजा, मोनिका, गुंजन सिंह, करिश्मा कुमारी तथा सानिया सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सिद्दीकी जमात वेलफेयर सोसायटी, आगरा के पदाधिकारियों में जमील सिद्दीकी, रज्जाक सिद्दीकी, हुसैन मोहम्मद सिद्दीकी, हाजी शहंशाह, आरिफ सिद्दीकी, शकील सिद्दीकी, यासीन सिद्दीकी, चांद बाबू सिद्दीकी, बाबू सिद्दीकी, निजाम सिद्दीकी और कय्यूम सिद्दीकी सहित अन्य गणमान्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए इस प्रकार के आयोजन आगे भी निरंतर किए जाते रहेंगे।