वृंदावन में बनेगा रोपवे, मथुरा-वृंदावन को प्लास्टिक मुक्त बनाने के निर्देश; सीएम योगी ने विकास योजनाओं की समीक्षा की - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 26 जुलाई 2026

वृंदावन में बनेगा रोपवे, मथुरा-वृंदावन को प्लास्टिक मुक्त बनाने के निर्देश; सीएम योगी ने विकास योजनाओं की समीक्षा की

वृंदावन में बनेगा रोपवे, मथुरा-वृंदावन को प्लास्टिक मुक्त बनाने के निर्देश; सीएम योगी ने विकास योजनाओं की समीक्षा की

आगरा/मथुरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को आगरा में मथुरा जनपद और उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए वृंदावन के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने वृंदावन में रोपवे परियोजना का प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने, मथुरा-वृंदावन रेल मार्ग पर सड़क-रेल संयुक्त परियोजना को आगे बढ़ाने तथा पार्किंग सुविधाओं के विस्तार के लिए भूमि पूलिंग योजना तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मथुरा-वृंदावन में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पीपीपी मॉडल पर आधुनिक और पर्याप्त पार्किंग सुविधाएं विकसित की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को इन प्रस्तावों को शीघ्र शासन के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में आगरा मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप ने ब्रज तीर्थ विकास परिषद और अन्य विकास योजनाओं की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने मथुरा-वृंदावन में चल रहे स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए दोनों नगरों को पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता के साथ-साथ प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए 4,500 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती, नया वृंदावन पुलिस सर्किल स्थापित करने तथा एक अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) और एक अपर पुलिस अधीक्षक (प्रोटोकॉल) के पद सृजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। मुख्यमंत्री ने इन प्रस्तावों को तत्काल शासन को भेजने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने मथुरा-वृंदावन नगर निगम एवं अन्य नगर निकायों में फ्लोटिंग पॉपुलेशन के आधार पर अतिरिक्त मानव संसाधन और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी मंजूरी देते हुए शासन को भेजने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की महायोजना के अंतर्गत लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत से प्रमुख चौराहों के सुधार, फ्लाईओवर निर्माण और सड़क सुदृढ़ीकरण की कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया गया। मुख्यमंत्री ने इन प्रस्तावों को भी शीघ्र आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की वर्ष 2018-19 से 2025-26 तक स्वीकृत 165 परियोजनाओं में से 115 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 28 परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। मुख्यमंत्री ने तीर्थ-मित्र नीति का शासनादेश जारी करने तथा 50 छोटी इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का प्रस्ताव भी शासन को भेजने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने यमुना नदी के पार यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की प्रस्तावित परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर भी जोर दिया और अधिकारियों को सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, सांसद तेजवीर सिंह, सांसद विनोद अग्रवाल, मथुरा-वृंदावन की महापौर, विधायक पूरन प्रकाश, राजेश चौधरी, मेघश्याम सिंह, ओम प्रकाश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी किशन सिंह, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, एडीजी एस.के. भगत, डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय, आगरा मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप, जिलाधिकारी सी.पी. सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार, ब्रज तीर्थ विकास परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी नागप्पन, सीडीओ डॉ. पूजा गुप्ता, नगर आयुक्त ओजस्वी राय, एसीईओ राजीव पांडेय, मुकेश शर्मा सहित जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

video

Pages