आगरा में किसान आंदोलन को नई धार, 9 अगस्त को एत्मादपुर में होगा 'संपूर्ण समस्या समाधान संगठन' का भव्य शपथ ग्रहण
आगरा। किसानों के अधिकार, सम्मान और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर सक्रिय संपूर्ण समस्या समाधान संगठन (किसान) लगातार अपना जनाधार बढ़ा रहा है। बुधवार को एत्मादपुर क्षेत्र के गांव भीकनपुर में संगठन की द्वितीय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों के साथ किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता रामप्रसाद त्यागी ने की, जबकि आयोजन राष्ट्रीय महासचिव एवं राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष जितेंद्र त्यागी के आवास पर हुआ। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संगठन का भव्य शपथ ग्रहण समारोह 9 अगस्त 2026 को आर.बी. पैलेस, बरहन रोड, एत्मादपुर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में किसान, पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट अवनीश कुमार वैश ने कहा कि संगठन किसानों के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती और कानूनी दायरे में लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों को उनका पूरा हक, सम्मान और समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं मिलेगा, तब तक संगठन का संघर्ष जारी रहेगा। उनके संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं ने "किसान एकता जिंदाबाद" और "अधिकार की लड़ाई, अब होगी आर-पार" जैसे नारों के साथ उत्साह व्यक्त किया।
बैठक में संगठन के विस्तार, किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर भी चर्चा हुई। संगठन के पदाधिकारियों ने दावा किया कि कम समय में संगठन ने किसानों और आम जनता के बीच अपनी मजबूत पहचान बनाई है तथा विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल की है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष एड. अवनीश कुमार वैश, राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र त्यागी, राष्ट्रीय संयोजक रमाकांत उपाध्याय (सूबेदार), राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष जमुना प्रसाद त्यागी, राष्ट्रीय प्रवक्ता योगेश ठाकुर, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सतपाल परमार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष युवा दुष्यंत चौहान, रविकांत त्यागी, के.पी. सिंह सिकरवार, प्रदेश अध्यक्ष अशोक परमार, प्रदेश महासचिव सत्यवीर त्यागी, प्रदेश महासचिव युवा कुलदीप परमार, प्रदेश अध्यक्ष युवा सुनील त्यागी, प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज चौहान, जिला अध्यक्ष आगरा जे.के. फौजी, जिला अध्यक्ष फिरोजाबाद भोला त्यागी, जिला महामंत्री अनुज त्यागी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संगठन ने सभी किसान भाइयों एवं समर्थकों से 9 अगस्त को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर किसान हितों की इस मुहिम को मजबूत बनाने की अपील की।