आगरा में दर्दनाक हादसा: व्यापारी और पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, करंट लगने की आशंका
आगरा। आगरा के शमसाबाद क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक व्यापारी और उनकी पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों अपने कमरे में अचेत अवस्था में मिले। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, कुतकपुर निवासी 40 वर्षीय जगदीश अपनी पत्नी शशि, दो बेटों और दो बेटियों के साथ रहते थे। जगदीश का गांव में ही प्रोविजनल स्टोर था। शनिवार रात दुकान बंद करने के बाद वह घर पहुंचे। परिवार के साथ भोजन करने के बाद दोनों अपने कमरे में सोने चले गए।
रविवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को चिंता हुई। जब कमरे में जाकर देखा तो जगदीश और शशि अचेत अवस्था में पड़े हुए थे। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
करंट लगने से मौत की आशंका
परिजनों के अनुसार, कमरे में रखा कूलर चालू था। कूलर का एक टूटा हुआ बिजली का तार लोहे के बॉक्स पर गिरा हुआ मिला, जिससे करंट फैलने की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि दोनों इसी करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।