आगरा में दिल्ली गेट पर बदली ट्रैफिक व्यवस्था, अब सीधे हरीपर्वत नहीं जा सकेंगे चारपहिया वाहन
आगरा। दिल्ली गेट पर सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य के चलते ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब दिल्ली गेट होकर हरीपर्वत जाने वाले चारपहिया वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है। साथ ही बाबू गुलाबराय मार्ग से मदिया कटरा जाने वाले वाहन भी सीधे नहीं जा सकेंगे।
दिल्ली गेट से हरीपर्वत जाने वाली लेन बंद होने के कारण फिलहाल एक ही लेन से दोनों ओर का यातायात संचालित हो रहा है। इससे लगातार जाम की स्थिति बन रही थी। स्कूल खुलने के बाद वाहनों का दबाव और बढ़ गया, जिसके चलते ट्रैफिक पुलिस ने चौराहे पर बैरिकेडिंग कर नई व्यवस्था लागू कर दी।
नई व्यवस्था के तहत बाबू गुलाबराय मार्ग से आने वाले चारपहिया वाहन अब सीधे हरीपर्वत और मदिया कटरा नहीं जा सकेंगे। हरीपर्वत जाने वाले वाहनों को स्पीड कलर लैब वाले मार्ग से तथा मदिया कटरा जाने वाले वाहनों को आरबीएस होकर जाना होगा।
वहीं मदिया कटरा से हरीपर्वत जाने वाले चारपहिया वाहनों को भी आरबीएस होते हुए एमजी रोड का रास्ता अपनाना होगा। केवल हरीपर्वत से मदिया कटरा जाने वाली लेन ही पहले की तरह चालू रहेगी।
यदि किसी वाहन चालक को हरीपर्वत से दिल्ली गेट होकर बाबू गुलाबराय मार्ग जाना है, तो उसे अग्रसेन चौराहे से आरबीएस होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचना होगा।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नई ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि सड़क निर्माण कार्य के दौरान जाम की समस्या को कम किया जा सके।