आगरा: मूसलाधार बारिश ने छीनी छत, गढ़ी टिकैत गांव में कच्चा मकान ढहा: बेसहारा बुजुर्ग की व्यथा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 9 जुलाई 2026

आगरा: मूसलाधार बारिश ने छीनी छत, गढ़ी टिकैत गांव में कच्चा मकान ढहा: बेसहारा बुजुर्ग की व्यथा

आगरा: मूसलाधार बारिश ने छीनी छत, गढ़ी टिकैत गांव में कच्चा मकान ढहा: बेसहारा बुजुर्ग की व्यथा

जनपद आगरा:-जिले की तहसील एत्मादपुर के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत मुखवार के गांव गढ़ी टिकैत में कुदरत का कहर देखने को मिला है। लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते एक वृद्ध का कच्चा मकान ढह गया, जिससे बुजुर्ग के सिर से छत छिन गई है।

बुधवार की रात जब तेज बारिश हो रही थी, तब गढ़ी टिकैत निवासी गंगा प्रसाद अपने घर के अंदर सो रहे थे। तभी उन्हें दीवार से मिट्टी खिसकने की आवाज सुनाई दी और वे तुरंत अपनी खाट उठाकर घर से बाहर निकल गए। उनके बाहर निकलते ही कुछ ही पलों में छत का एक हिस्सा भरभरा कर गिर गया। पीड़ित गंगा प्रसाद अत्यंत गरीब हैं और मजदूरी करके अपना भरण-पोषण करते हैं। उनका परिवार न होने के कारण उन पर दोहरी मार पड़ी है,वे अविवाहित हैं और इस हादसे के बाद पूरी तरह बेसहारा हो गए हैं। इस दुर्घटना में उनका घर ही नहीं, बल्कि घर में रखे कपड़े और अन्य जरूरी सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गए हैं।

अपनी मेहनत की कमाई से बनाए गए छोटे से आशियाने के ढह जाने से बुजुर्ग सदमे में हैं। गंगा प्रसाद ने शासन-प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें उचित मुआवजा या आवास योजना के तहत नया मकान बनवाने में मदद की जाए, ताकि उन्हें फिर से एक सुरक्षित छत मिल सके। इस कठिन समय में स्थानीय प्रशासन को पीड़ित की आर्थिक स्थिति का संज्ञान लेते हुए तत्काल प्रभाव से राहत सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।

video

Pages