भाजपा प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान का आगरा में भव्य सम्मान, कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
आगरा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान के पुनः प्रदेश महामंत्री नियुक्त होने पर आगरा वनस्थली विद्यालय में शनिवार को भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं विद्यालय परिवार ने उनका पटका पहनाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा स्मृति चिन्ह प्रदान कर गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भारतीय श्रमिक कामगार कर्मचारी महासंघ (भाजपा प्रणित उत्तर प्रदेश) के प्रदेश महामंत्री एवं क्रीड़ा भारती, आगरा के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार मित्तल ने कहा कि राम प्रताप सिंह चौहान संगठन के ऐसे कर्मठ और समर्पित नेता हैं, जिन्होंने वर्षों तक कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि उनकी पुनर्नियुक्ति प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गर्व का विषय है और उनके नेतृत्व में संगठन निश्चित रूप से नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
आगरा वनस्थली विद्यालय के डायरेक्टर मनीष नेमिरा मित्तल ने कहा कि श्री चौहान का सरल व्यक्तित्व, अनुशासित कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण उन्हें एक लोकप्रिय एवं प्रभावशाली नेता बनाता है। उन्होंने उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका अनुभव संगठन को और अधिक सशक्त बनाएगा।
सम्मान से अभिभूत राम प्रताप सिंह चौहान ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का यह स्नेह और सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि वे संगठन के विश्वास पर पूरी निष्ठा के साथ खरे उतरेंगे तथा राष्ट्रहित, समाजहित और जनसेवा के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
इस अवसर पर एवीएमडी इंस्टीट्यूट की प्रधानाचार्या श्रीमती निर्मल चौहान, आगरा वनस्थली विद्यालय के कोऑर्डिनेटर कपिश, दिनेश, उपेन्द्र तथा सुश्री मुस्कान सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह में पवन समाधिया, चेतन ठाकुर, सोनू व्यास, शैलेन्द्र गर्ग, अभय प्रताप सिंह जादौन, प्रवीण कुमार, लोकेन्द्र तोमर सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने राम प्रताप सिंह चौहान को पुनः प्रदेश महामंत्री नियुक्त होने पर बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
कार्यक्रम का समापन अतिथियों के प्रति आभार ज्ञापन के साथ हुआ। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच राम प्रताप सिंह चौहान का अभिनंदन किया और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।