आगरा में राशन डीलर की दबंगई: राशन लेने गई महिला से छेड़छाड़ और गाली-गलौज, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
जनपद आगरा। कमिश्नरेट आगरा के थाना एकता क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बरौली अहीर से एक बेहद शर्मनाक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ सरकारी राशन की दुकान पर राशन लेने गई एक महिला के साथ राशन डीलर द्वारा मर्यादा की सारी सीमाएं लांघते हुए छेड़छाड़ और गाली-गलौज करने का संगीन आरोप लगा है।
प्राप्त मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बरौली अहीर की रहने वाली एक पीड़ित महिला जब अपने घर का राशन लेने के लिए स्थानीय राशन डीलर के पास गई थी, तभी आरोपी डीलर ने उसके साथ बदतमीजी शुरू कर दी। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर राशन डीलर ने उसके साथ छेड़छाड़ की और जातिसूचक/अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की। इस घटना से सहमी पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए न्याय के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
घटना के संबंध में पीड़िता द्वारा रविवार को थाना एकता में नामजद तहरीर दी गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना एकता पुलिस तत्काल हरकत में आई और महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी राशन डीलर के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस ने मामले की अग्रिम वैधानिक कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है।
यतेन्द्र नागर एसीपी ताजसुरक्षा कमिश्नरेट आगरा का बयान
"थाना एकता क्षेत्र के ग्राम बरौली अहीर की एक महिला द्वारा राशन डीलर के खिलाफ छेड़छाड़ और गाली-गलौज करने के संबंध में तहरीर दी गई थी। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की गहराई से अग्रिम जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से समझौता कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"