आगरा कैंट स्टेशन पर आरपीएफ की कार्रवाई से बवाल, सांसद राजकुमार चाहर ने लगाई फटकार; चार कर्मियों पर मुकदमा, निलंबित - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 14 जुलाई 2026

आगरा कैंट स्टेशन पर आरपीएफ की कार्रवाई से बवाल, सांसद राजकुमार चाहर ने लगाई फटकार; चार कर्मियों पर मुकदमा, निलंबित

आगरा कैंट स्टेशन पर आरपीएफ की कार्रवाई से बवाल, सांसद राजकुमार चाहर ने लगाई फटकार; चार कर्मियों पर मुकदमा, निलंबित

आगरा। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट (डीएसएस) नरेंद्र सिंह चाहर के साथ कथित मारपीट और अभद्रता का मामला तूल पकड़ गया है। घटना के बाद भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर ने रेलवे इंस्टीट्यूट पहुंचकर आरपीएफ अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। इस दौरान उनका नाराजगी भरा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सांसद ने अधिकारियों से दो टूक कहा, "तुम्हारी इस हरकत की वजह से मुझे यहां आना पड़ा है। वर्दी की भी बदनामी करोगे और हमारी सरकार की भी बदनामी करोगे। खुद की भी बुद्धि होती है कि जनता और अधिकारियों से कैसे व्यवहार किया जाता है।" उनके इस बयान के बाद मामला राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।

पेठा खरीदने उतरी महिला को लेकर शुरू हुआ विवाद

बताया गया कि रविवार सुबह करीब 10:53 बजे अमृतसर से आने वाली हीराकुंड एक्सप्रेस आगरा कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची। इसी दौरान एक महिला यात्री पेठा खरीदने के लिए ट्रेन से उतर गई। ट्रेन चलने लगी तो महिला को परेशान देखकर डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट नरेंद्र सिंह चाहर ने वॉकी-टॉकी के जरिए गार्ड को सूचना देकर ट्रेन रुकवा दी।

आरोप है कि ट्रेन रुकने के बाद मौके पर पहुंचे आरपीएफ कर्मियों ने महिला पर चेन पुलिंग का आरोप लगाते हुए जुर्माना भरने को कहा। जब नरेंद्र सिंह चाहर ने स्पष्ट किया कि ट्रेन उन्होंने रुकवाई है, तो आरपीएफ कर्मियों से उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद धक्का-मुक्की और कथित मारपीट में बदल गया।

300 मीटर तक घसीटने का आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर कई आरपीएफ जवान मौके पर पहुंच गए और डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट के साथ मारपीट करते हुए उन्हें प्लेटफॉर्म पर करीब 300 मीटर तक घसीटकर आरपीएफ थाने ले जाया गया। घटना के वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

डीआरएम आवास पर धरना, कार्रवाई की मांग

घटना से आहत नरेंद्र सिंह चाहर अपनी पत्नी और परिजनों के साथ डीआरएम आवास पहुंचे, जहां उन्होंने आरोपित आरपीएफ कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सार्वजनिक माफी की मांग को लेकर धरना दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद राजकुमार चाहर भी मौके पर पहुंचे और डीआरएम से मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

चार आरपीएफ कर्मियों पर एफआईआर, विभागीय कार्रवाई

डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट नरेंद्र सिंह चाहर की तहरीर पर आगरा कैंट जीआरपी थाने में आरपीएफ के एएसआई मेघराज मीणा, एएसआई बालकिशन, कांस्टेबल जितेंद्र और बदन सिंह समेत कुछ अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एफआईआर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 191(2), 115(2), 351(2) और 352 के तहत दर्ज की गई है।

मामले के तूल पकड़ने और वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन ने चारों नामजद आरपीएफ कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच भी शुरू कर दी है। अब पूरे घटनाक्रम की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

video

Pages