थाना नारखी में रील बनाना पड़ा भारी, पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया
फिरोजाबाद: थाना नारखी परिसर की सुरक्षा और मर्यादा को ताक पर रखकर वीडियो बनाना दो युवकों को महंगा पड़ गया। थाना परिसर में चल रहे मरम्मत कार्य के दौरान अनाधिकृत रूप से वीडियो शूट कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, वर्तमान में थाना नारखी कार्यालय में मरम्मत एवं निर्माण कार्य चल रहा है। इस दौरान मजदूरी करने आए दो व्यक्ति काम के साथ-साथ परिसर का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर रहे थे। यह वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया। जैसे ही यह मामला उच्चाधिकारियों और थाना पुलिस की नजर में आया, तो इसे पुलिस की गोपनीयता और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ मानते हुए गंभीरता से लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नारखी पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि थाना परिसर एक संवेदनशील क्षेत्र है, जहाँ इस तरह की वीडियोग्राफी करना न केवल अनैतिक है बल्कि सुरक्षा के नियमों का उल्लंघन भी है।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस कार्यालयों में इस तरह की गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हिरासत में लिए गए दोनों व्यक्तियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे सरकारी कार्यालयों, विशेषकर थानों के भीतर फोटो या वीडियो लेने से बचें, अन्यथा उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।