मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान ने बदली युवाओं की तकदीर, आगरा के दो युवाओं ने स्वरोजगार से लिखी सफलता की नई इबारत
सरकारी सहायता, बैंक ऋण एवं अनुदान से स्थापित किए सफल उद्यम, अन्य युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत।
आगरा:-उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने में प्रभावी सिद्ध हो रही है। जनपद आगरा में योजना के माध्यम से अनेक युवाओं ने अपना स्वयं का उद्यम स्थापित कर आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। इसी क्रम में दो युवा उद्यमियों की सफलता की कहानी अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है।
कमला नगर निवासी रोहित कुमार ने बताया कि बेरोजगारी के दौरान स्वयं का रोजगार स्थापित करने के लिए उन्हें वित्तीय सहायता की आवश्यकता थी। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की जानकारी मिलने पर उन्होंने जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, आगरा से संपर्क किया। योजना के अंतर्गत उन्हें बैंक से ₹5 लाख का ऋण प्राप्त हुआ तथा सरकार द्वारा ₹50 हजार का अनुदान भी मिला। वर्तमान में वे अपने उद्यम का सफल संचालन कर रहे हैं। उनके उत्पादों की बिक्री मेलों एवं विदेशी पर्यटकों के बीच भी हो रही है तथा उन्होंने चार लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया है।
इसी प्रकार शाहगंज निवासी फैजान ने भी योजना का लाभ लेकर अपना उद्योग स्थापित किया। बैंक से ₹5 लाख का ऋण एवं ₹50 हजार का अनुदान प्राप्त होने के बाद उन्होंने अपने उद्यम को सफलतापूर्वक संचालित किया। आज उनका व्यवसाय निरंतर प्रगति कर रहा है और उन्होंने भी चार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया है।
दोनों युवा उद्यमियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने जिला उद्योग केन्द्र एवं संबंधित अधिकारियों के सहयोग की सराहना करते हुए युवाओं से अपील की कि वे भी इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार अपनाएं और अपने भविष्य को सशक्त बनाएं।
जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, आगरा ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह योजना प्रदेश के युवाओं को रोजगार सृजक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
---------------