प्रेमी संग होटल पहुंची बुरखा पहनी महिला, पीछे-पीछे पहुंचा पति; सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा, वीडियो वायरल
आगरा। आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में एक होटल के बाहर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दोनों के बीच सड़क पर कहासुनी और हाथापाई होती दिखाई दे रही है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, घटना शाहदरा क्षेत्र के नुनिहाई रोड स्थित एक होटल की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बुरखा पहने एक महिला अपने परिचित युवक के साथ होटल में कमरा बुक कराने पहुंची थी। इसी दौरान महिला का पति भी वहां पहुंच गया, जिसके बाद होटल के रिसेप्शन पर तीनों के बीच विवाद शुरू हो गया। कुछ देर बाद मामला होटल के बाहर सड़क तक पहुंच गया, जहां पति और पत्नी के बीच जमकर कहासुनी और मारपीट हुई। इसी बीच मौका देखकर महिला के साथ आया युवक वहां से चला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला का अपने पति से पारिवारिक विवाद चल रहा है और वह पिछले करीब तीन महीने से मायके में रह रही है। इसी दौरान उसकी एक परिचित युवक से नजदीकियां बढ़ने की बात सामने आ रही है। वायरल वीडियो में पति अपनी पत्नी पर आरोप लगाते हुए यह भी कहता सुनाई दे रहा है कि वह अपने परिचित युवक के साथ मिलकर उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर चुकी है।
फिलहाल इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। घटना को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले में शिकायत मिलने पर पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।