आगरा से कक्षा 9 के दो छात्र रहस्यमय ढंग से लापता, कैंट स्टेशन पर मिली आखिरी लोकेशन; पुलिस अलर्ट
आगरा। कमला नगर स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के कक्षा नौ के दो छात्रों के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने से परिवारों में हड़कंप मच गया है। दोनों छात्र गुरुवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद घर के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश के लिए कई टीमें लगा दी हैं।
लापता छात्रों की पहचान प्रथम गुप्ता पुत्र संजय गुप्ता, निवासी कर्मयोगी फव्वारा और अमोल गुप्ता पुत्र आकाश गुप्ता, निवासी हनुमान नगर, एत्माद्दौला के रूप में हुई है। दोनों सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में कक्षा नौ के छात्र हैं। गुरुवार दोपहर करीब 1:10 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों एक साथ स्कूल से निकले थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया।
सीसीटीवी में साथ दिखे, कैंट स्टेशन पर मिली आखिरी लोकेशन
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दोनों छात्र सुल्तानगंज पुलिया के पास एक साथ जाते हुए दिखाई दिए। तकनीकी जांच के दौरान उनकी आखिरी लोकेशन शाम करीब 3:20 बजे आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर मिली। इसके बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही रेलवे पुलिस से भी संपर्क कर जांच तेज कर दी है।
भागवत कथा जाने की भी मिली जानकारी
अमोल की मां मनोरमा ने बताया कि स्कूल के अन्य छात्रों से पूछताछ में पता चला कि प्रथम ने एक सहपाठी से फतेहाबाद में चल रही भागवत कथा में चलने के लिए कहा था। सहपाठी के मना करने के बाद दोनों छात्र वहां गए या नहीं, इसकी जानकारी लेने के लिए परिजन स्वयं कथा स्थल भी पहुंचे, लेकिन वहां भी उनका कोई पता नहीं चला।
दिल्ली जाने की आशंका, पुलिस ने नहीं की पुष्टि
जांच के दौरान यह आशंका भी सामने आई है कि दोनों छात्र ट्रेन से दिल्ली की ओर गए हो सकते हैं। कुछ चर्चाओं के आधार पर जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में जाने की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी तक इस संबंध में कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
कई टीमें तलाश में जुटीं
डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि दोनों छात्रों की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों, रेलवे नेटवर्क और अन्य माध्यमों से उनकी तलाश कर रही हैं। आसपास के जिलों और संबंधित एजेंसियों को भी आवश्यक सूचना भेजी गई है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को दोनों छात्रों के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम पुलिस थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें, ताकि उन्हें सकुशल उनके परिजनों तक पहुंचाया जा सके।