तहसील सभागार खेरागढ़ में मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं का हुआ सजीव प्रसारण
जनपद आगरा:- तहसील सभागार, खेरागढ़ में उप जिलाधिकारी ऋषि राव की अध्यक्षता और मुख्य अतिथि भगवान सिंह कुशवाह विधायक खेरागढ़ की गरिमामई उपस्थिति में माननीय मुख्यमंत्री द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के कार्यक्रमों का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों को लाभान्वित किए जाने, 1.10 करोड़ विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, बैग एवं स्टेशनरी हेतु प्रति छात्र-छात्रा ₹1200 की धनराशि वितरित किए जाने तथा 10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा हेतु स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ एमओयू निष्पादित किए जाने की जानकारी दी गई। साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के सम्मान समारोह का भी सजीव प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि माननीय भगवान सिंह कुशवाहा विधायक खेरागढ़, उप जिलाधिकारी खेरागढ़ ऋषि राव, पूर्ति निरीक्षक अमरनाथ मौर्य, आपूर्ति निरीक्षक सुश्री सुमल्लिका तथा खंड शिक्षा अधिकारी खेरागढ़ महेश चंद पटेल द्वारा ज्ञानदायिनी मां शारदे के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन किया गया।
इसके उपरांत खंड शिक्षा अधिकारी महेश चंद पटेल ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। कार्यक्रम में तहसील खेरागढ़ क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के डमी कार्ड वितरित किए गए तथा विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को लेखन सामग्री किट प्रदान कर 1200 रुपए में प्राप्त सामग्री के डमी छायाचित्र भेंट किए गए।
मुख्य अतिथि विधायक भगवान सिंह कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि 'शिक्षा उच्च श्रेणी का अमृत है, जो इसे ग्रहण करेगा वही जीवन में आगे बढ़ेगा। प्रत्येक व्यक्ति की उन्नति का मार्ग शिक्षा से होकर ही जाता है।'
खंड शिक्षा अधिकारी महेश चंद पटेल ने कहा कि 'शिक्षा उन्नति के सभी द्वार खोलती है तथा मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना से शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के अन्य कर्मचारी निश्चित रूप से लाभान्वित होंगे।'
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. सतीश कुमार सिकरवार, इंचार्ज प्रधानाध्यापक, प्राथमिक विद्यालय कछपुरा सरेंडा द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में अकादमिक रिसोर्स पर्सन टीम के सौरभ शर्मा, संतोष राजपूत एवं अजय कुमार सिकरवार का विशेष सहयोग रहा।