भूजल सप्ताह का शुभारंभ, जल संरक्षण के लिए जन-जागरूकता अभियान तेज, छात्र-छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली
जिलाधिकारी द्वारा प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर भूजल सप्ताह का हुआ शुभारंभ, जागरूकता रैली व प्रचार अभियान हुए आयोजित
भूजल संरक्षण का लें संकल्प, जल बचाना हम सबकी जिम्मेदारी
आगरा:-प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार भूजल सप्ताह के अंतर्गत जनपद आगरा में जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन के प्रति जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। "जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प" थीम पर आयोजित इस अभियान के तहत विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
भूजल सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर जिलाधिकारी, आगरा ने भूजल जन-जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार वाहन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल के विवेकपूर्ण उपयोग एवं भूजल के विनियमित दोहन के संबंध में जागरूक करेगा।
इसके उपरांत भूगर्भ जल विभाग, खण्ड-आगरा द्वारा श्री रत्नमुनि जैन इंटर कॉलेज, लोहामंडी, आगरा में छात्र-छात्राओं की सहभागिता से जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अनिल कुमार वशिष्ठ तथा सीनियर जियोफिजिसिस्ट श्री शशांक शेखर सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न कराया गया। रैली में लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता, भूगर्भ जल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा विद्यालय के शिक्षकगण भी शामिल हुए।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने जल संरक्षण संबंधी नारों एवं संदेशों के माध्यम से आमजन को जल बचाने का संदेश दिया। साथ ही प्रचार वाहन के माध्यम से तहसील सदर क्षेत्र में भूजल संरक्षण, प्रबंधन, विवेकपूर्ण उपयोग तथा विनियमित दोहन के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
प्रशासन ने जनसामान्य से अपील की है कि जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाते हुए वर्षा जल संचयन को अपनाएं तथा भूजल के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय भागीदारी निभाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने में अपना योगदान दें।
-----------------