आगरा में खौफनाक वारदात: ताजगंज में बंद मकान से महिला का शव बरामद, सिर पर चोट के निशान
जनपद आगरा। ताजनगरी के थाना ताजगंज क्षेत्र में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बंद मकान से पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव बरामद किया है। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद से ही मृतका का पति फरहान मौके से फरार है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को यूपी-112 के जरिए पुलिस को सूचना मिली कि ताजगंज इलाके में स्थित एक मकान बाहर से बंद है और अंदर एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस, एसीपी ताज सुरक्षा और फील्ड यूनिट की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब मकान का ताला खुलवाया तो अंदर कमरे में महिला का शव पड़ा देखकर हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका मूल रूप से झांसी की रहने वाली थी। उसने फरहान नाम के युवक से प्रेम विवाह (लव मैरिज) किया था। दोनों ताजगंज क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे। घटना के बाद से आरोपी पति फरहान रहस्यमय तरीके से गायब है, जिससे उस पर हत्या का शक गहरा गया है।
पुलिस ने फील्ड यूनिट की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस फरार पति की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है।
यूपी-112 के माध्यम से बंद मकान में शव होने की सूचना मिली थी। पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके का निरीक्षण किया। ताला खोलने पर महिला का शव मिला है, जिसके सिर पर चोट के निशान हैं। मृतका झांसी की निवासी थी और उसने फरहान से प्रेम विवाह किया था। आरोपी पति फरार है। तहरीर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हिमांशू गौरव, अपर पुलिस उपायुक्त नगर/अपराध, पुलिस कमिश्नरेट आगरा