अपर पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल ने किया थाना फतेहाबाद का वार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
आगरा। अपर पुलिस आयुक्त, आगरा सचिंद्र पटेल ने मंगलवार को थाना फतेहाबाद का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर का भ्रमण कर विभिन्न शाखाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर पुलिस आयुक्त ने थाना कार्यालय के अभिलेखों, महिला हेल्प डेस्क/मिशन शक्ति केंद्र, कंप्यूटर कक्ष, साइबर हेल्प डेस्क, मालखाना, शस्त्रागार, विवेचना कक्ष, पुलिस मेस, बैरक एवं निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के बेहतर रखरखाव, कार्यालय व्यवस्था, साफ-सफाई और पुलिस कर्मियों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने जनसुनवाई से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने लंबित विवेचनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
अपर पुलिस आयुक्त ने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनहित से जुड़े मामलों में त्वरित पुलिस कार्रवाई पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पूरी तरह पालन किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार अपनाया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना स्तर पर पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने, आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनने और बेहतर पुलिस व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।