राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण देने हेतु प्रशिक्षकों से आवेदन आमंत्रित - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 23 जुलाई 2026

राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण देने हेतु प्रशिक्षकों से आवेदन आमंत्रित

राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण देने हेतु प्रशिक्षकों से आवेदन आमंत्रित

ब्लैक बेल्ट महिला एवं पुरुष प्रशिक्षक 29 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन, महिला अभ्यर्थियों को मिलेगी वरीयता।

रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण के लिए ब्लैक बेल्ट प्रशिक्षकों का होगा चयन

38 राजकीय विद्यालयों की छात्राओं को मिलेगा आत्मरक्षा प्रशिक्षण

आगरा:-जिला विद्यालय निरीक्षक रविन्द्र पाल सिंह तोमर ने अवगत कराया है कि समग्र शिक्षा (माध्यमिक), उत्तर प्रदेश, लखनऊ के अनुपालन में जनपद आगरा के 38 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रदान किए जाने हेतु योग्य प्रशिक्षकों का चयन किया जाना है। इसके लिए मार्शल आर्ट (जूडो, कराटे, ताइक्वांडो आदि) में ब्लैक बेल्ट प्रमाणपत्र धारक महिला एवं पुरुष प्रशिक्षकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। चयन प्रक्रिया में महिला प्रशिक्षकों को वरीयता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपना आवेदन निर्धारित प्रारूप में कार्यालय जिला विद्यालय निरीक्षक, आगरा अथवा ई-मेल agrarmsa@gmail.com पर उपलब्ध करा सकते हैं। आवेदन प्राप्त होने की अंतिम तिथि 29 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथि के उपरांत प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आगे यह भी अवगत कराया है कि चयनित प्रशिक्षकों को जनपद के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में तीन माह की अवधि तक रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रदान करना होगा। चयनित प्रशिक्षकों को तीन माह के लिए प्रति विद्यालय अधिकतम 15,000 रुपये (रुपये पन्द्रह हजार मात्र) मानदेय देय होगा, जिसका भुगतान समग्र शिक्षा द्वारा निर्धारित शर्तों एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाएगा। प्रत्येक प्रशिक्षक का प्रति विद्यालय प्रशिक्षण समय अधिकतम 40 मिनट निर्धारित रहेगा तथा प्रशिक्षकों का चयन समग्र शिक्षा (माध्यमिक), उत्तर प्रदेश द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं मानकों के अनुरूप किया जाएगा। पात्रता, चयन प्रक्रिया, प्रशिक्षण अवधि, मानदेय एवं अन्य सभी शर्तें समग्र शिक्षा (माध्यमिक), उत्तर प्रदेश, लखनऊ के वर्णित प्रावधानों के अनुसार प्रभावी होंगी।
उन्होंने बताया कि आवेदन पत्र में अभ्यर्थी का नाम, पिता/पति/अभिभावक का नाम, जन्मतिथि, लिंग, पूर्ण निवास पता, मोबाइल नम्बर, आधार संख्या, शैक्षिक योग्यता, मार्शल आर्ट में ब्लैक बेल्ट प्रमाणपत्र होने अथवा न होने का विवरण, ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में प्रशिक्षण देने की इच्छा तथा विज्ञप्ति में उल्लिखित समस्त शर्तों की स्वीकृति का स्पष्ट उल्लेख किया जाना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही बैंक खाता संख्या, आईएफएससी कोड तथा बैंक का नाम भी अंकित करना होगा।
उन्होंने आगे बताया कि आवेदन के साथ आधार कार्ड, शैक्षिक प्रमाण-पत्र, मार्शल आर्ट में ब्लैक बेल्ट प्रमाण-पत्र, बैंक खाते के प्रथम पृष्ठ की छायाप्रति तथा आवेदन पत्र से अतिरिक्त दो नवीनतम पासपोर्ट आकार के फोटो संलग्न करना अनिवार्य होगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जनपद के समस्त राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य इस सूचना को विद्यालय के सूचना पट्ट पर प्रदर्शित कर अधिकाधिक पात्र अभ्यर्थियों तक इसकी जानकारी पहुंचाना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने सभी पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण आवेदन एवं आवश्यक अभिलेखों सहित आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है।
-------------

video

Pages