विधायक के खिलाफ विरोध मार्च से पहले सपा नेता के क्षेत्र को पुलिस ने बनाया छावनी, बैरिकेडिंग कर रोका प्रदर्शन
आगरा। समाजवादी पार्टी द्वारा भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के खिलाफ प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले गुरुवार सुबह कमला नगर क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर इलाके की तीनों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई और सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया गया। बाद में सपा प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर के नाम संबोधित ज्ञापन एडिशनल डीसीपी को सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
सपा नेताओं का आरोप है कि भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने मैनपुरी सांसद डिंपल यादव के बयान को कथित रूप से गलत संदर्भ में सोशल मीडिया पर साझा कर उनकी तथा समाजवादी पार्टी की छवि धूमिल करने का प्रयास किया। इसे लेकर सपा नेता नितिन कोहली ने विधायक से 24 घंटे के भीतर सार्वजनिक माफी की मांग की थी और चेतावनी दी थी कि ऐसा न होने पर विधायक के आवास का घेराव कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की जाएगी।
गुरुवार को निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद सपा कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन के लिए जुटने लगे। इसकी सूचना पर पुलिस ने एहतियातन कमला नगर क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर बैरिकेडिंग कर दी और नेताओं को प्रदर्शन करने से रोकने का प्रयास किया।
मीडिया से बातचीत में सपा नेता नितिन कोहली ने कहा कि उन्होंने हाल ही में विधायक के क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर जनता की समस्याओं को उठाया था। इसी से बौखलाकर भाजपा विधायक ने कथित रूप से सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट कर समाजवादी पार्टी और सांसद डिंपल यादव की छवि खराब करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा घबराई हुई है।
सपा जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा और महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने संयुक्त रूप से कहा कि भाजपा नेता जनता के बीच समाजवादी पार्टी की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोहराई गईं तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी।
सपा नेताओं राहुल चतुर्वेदी, राजपाल यादव और कादिर कुरैशी ने भी भाजपा विधायक पर विकास के मुद्दों से ध्यान हटाकर विपक्ष को बदनाम करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन का संचालन राजीव पोद्दार और विधानसभा अध्यक्ष राहुल शाक्य ने किया।
प्रदर्शन के दौरान ममता टपलू, प्रवीण पालीवाल, प्रियंका चौहान, सरिता यादव, प्राची निगम, माही उपाध्याय, मुन्नी बेगम, कन्हैया अग्रवाल, गौरव गुप्ता, रवि गोयल, अंकित कक्कड़ सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।