आगरा में करोड़ों की निवेश ठगी का आरोपी सत्य प्रकाश तित्तल को राहत नहीं, जिला जज ने जमानत अर्जी की खारिज
आगरा। निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की कथित ठगी के मामले में जेल में बंद आरोपी सत्य प्रकाश तित्तल को अदालत से राहत नहीं मिली है। बुधवार को जिला जज ने उसकी जमानत अर्जी खारिज कर दी। आरोपी पर एसबीएनेल वर्ल्ड (SBANL World) नाम की कंपनी के जरिए निवेश का झांसा देकर कई लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
मामले में आरके पुरम ताजनगरी निवासी मनीष शर्मा समेत सात पीड़ितों ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, कमला नगर एफ ब्लॉक निवासी सत्य प्रकाश तित्तल, उसकी पत्नी वर्षा तित्तल, भतीजे विक्रांत तित्तल, विशाल तित्तल, युवराज सिंह, सपना सिंह, राहुल सोनी और कुसुमलता सोनी ने कथित रूप से सुनियोजित षड्यंत्र के तहत उनसे करीब 2 करोड़ 26 लाख रुपये की ठगी की।
डीसीपी के आदेश पर कमला नगर थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने सत्य प्रकाश तित्तल को टूंडला से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने तबीयत खराब होने का बहाना बनाया, लेकिन चिकित्सकीय जांच में उसकी सभी रिपोर्ट सामान्य मिलने पर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस विवेचना में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने निवेशकों का विश्वास जीतने के लिए शपथ पत्र और अपने नाम के चेक दिए थे। जांच के दौरान यह भी पता चला कि जिन शपथ पत्रों पर जिस अधिवक्ता से सत्यापन कराया जाना बताया गया था, उनका काफी समय पहले ही निधन हो चुका था। इस तथ्य के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच और तेज कर दी है।
इस गिरोह के खिलाफ हरीपर्वत थाने में भी धोखाधड़ी का एक अन्य मुकदमा दर्ज है। 4 जून को गोविंदपुरी, कमला नगर निवासी संजय दिवाकर ने प्लॉट दिलाने के नाम पर 48 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए सत्य प्रकाश तित्तल, विक्रांत तित्तल, विशाल तित्तल, युवराज सिंह और राहुल कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस जांच में अब तक सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर बड़े स्तर पर निवेश और संपत्ति के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी करते थे। पीड़ितों का आरोप है कि सत्य प्रकाश तित्तल प्रभावशाली छवि दिखाने के लिए अपने साथ बाउंसर भी रखता था, जिससे लोगों में विश्वास पैदा कर आसानी से निवेश कराया जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।