आगरा के पूर्व एआरटीओ के घर विजिलेंस का बड़ा छापा, 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज बरामद - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 9 जुलाई 2026

आगरा के पूर्व एआरटीओ के घर विजिलेंस का बड़ा छापा, 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज बरामद

आगरा के पूर्व एआरटीओ के घर विजिलेंस का बड़ा छापा, 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज बरामद

आगरा/लखनऊ। आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस टीम ने आगरा के पूर्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में सोना-चांदी, नकदी, कीमती आभूषण और करोड़ों रुपये की संपत्तियों के दस्तावेज बरामद किए हैं। बरामद सामग्री को देखकर जांच टीम भी हैरान रह गई।

विजिलेंस के अनुसार, लखनऊ के अलीगंज स्थित चंद्रलोक कॉलोनी के सी-143 आवास पर कोर्ट से तलाशी वारंट मिलने के बाद 7 जुलाई को छापेमारी की गई। टीम ने घर के हर हिस्से की गहन तलाशी ली, जिसमें दीवारों और अन्य स्थानों में छिपाकर रखी गई नकदी और कीमती सामान भी बरामद हुआ।

जांच के दौरान करीब 13 किलोग्राम सोना, 9 किलोग्राम चांदी, हीरे एवं अन्य बहुमूल्य आभूषण मिले, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा घर से 1.62 करोड़ रुपये नकद भी बरामद किए गए।

छापेमारी में करोड़ों रुपये की अचल संपत्तियों के दस्तावेज भी मिले हैं। इनमें लखनऊ के अलीगंज, वृंदावन योजना, इस्लामनगर, मोहनलालगंज और बालागंज क्षेत्रों में मकान, प्लॉट और कृषि भूमि शामिल हैं। साथ ही नोएडा में दो फ्लैटों की बुकिंग, बाराबंकी और रायबरेली में जमीन से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। इन अचल संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 35 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

विजिलेंस टीम को तलाशी के दौरान टोयोटा इनोवा और हुंडई आई-20 कार, एक रिवॉल्वर तथा बैंक, डाकघर, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में एक करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं।

गौरतलब है कि वर्ष 2024 में ललित कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया था। उसी मामले की जांच के क्रम में शासन के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। विजिलेंस अब बरामद संपत्तियों, नकदी और निवेश के स्रोतों की विस्तृत जांच कर रही है।

video

Pages