आगरा: जैतपुर हत्याकांड में पुलिस की बड़ी सफलता, एक और वांछित आरोपी गिरफ्तार
आगरा। पुलिस कमिश्नरेट आगरा के पूर्वी जोन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जैतपुर पुलिस और सर्विलांस सेल पूर्वी जोन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रंजिश में हुई हत्या के चर्चित मामले में एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, वादी अपने भाइयों के साथ कार से घर लौट रहा था। रास्ते में इन्द्रराज, मुकेश यादव के पुत्र शिवप्रताप उर्फ गेंदा सहित अन्य आरोपियों ने उनकी कार में टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वादी और उसका भाई अविनाश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर चोटों के कारण अविनाश यादव की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना के संबंध में थाना जैतपुर में मुकदमा संख्या 42/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विवेचना शुरू की गई।
घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना जैतपुर पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कूकापुरा मार्ग के पास से वांछित आरोपी खिलाड़ी यादव उर्फ रामखिलाड़ी सिंह पुत्र विजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में इससे पहले भी कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान थाना जैतपुर, थाना बाह, थाना चित्राहाट, थाना बमरौली कटारा, सर्विलांस सेल एवं एसओजी पूर्वी जोन की टीम ने पुलिस मुठभेड़ में कृष्णा यादव और शिवप्रताप उर्फ गेंदा को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा इन्द्रराज और गोलू पुत्र सुदीप यादव को भी गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार अभियुक्तों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले की विवेचना जारी है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।