आगरा: पारिवारिक विवाद में पत्नी की चाकू मारकर हत्या, ताजगंज पुलिस ने आरोपी पति को मौके से दबोचा
आगरा। थाना ताजगंज क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने एक महिला की जान ले ली। पत्नी पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी पति को थाना ताजगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। सूचना मिलते ही थाना ताजगंज पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि आरोपी पूर्व से चले आ रहे पारिवारिक विवाद के चलते अपनी ससुराल पहुंचा और पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और आरोपी को मौके से ही हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त अवैध चाकू भी बरामद किया गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर थाना ताजगंज में मु0अ0सं0 228/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस तथा धारा 4/25 शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी को विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार मामले की गहन विवेचना की जा रही है और सभी आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।