आगरा: पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला, दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 3 जुलाई 2026

आगरा: पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला, दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

आगरा: पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला, दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

आगरा। थाना छत्ता क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने थाना छत्ता में दर्ज कराई गई तहरीर में बताया कि उसका पुत्र शाम करीब आठ बजे बाजार सामान लेने गया था। इसी दौरान हरिया यादव के पुत्र ने उसके साथ मारपीट कर दी। इसकी शिकायत करने के लिए जब पीड़ित अपने पुत्र के साथ हरिया यादव की गली में पहुंचा तो वहां मौजूद हरिया यादव, लक्की यादव, शुभ उर्फ सूर्य यादव तथा दो अज्ञात लोगों ने दोनों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

आरोप है कि विवाद के दौरान हरिया यादव ने जान से मारने की नीयत से ईंट-पत्थर से पिता और पुत्र के सिर पर हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना छत्ता पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल लक्की यादव पुत्र विमल यादव और शुभ उर्फ सूर्य यादव को आस्था सिटी सेंटर के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

video

Pages