रकाबगंज पुलिस व सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई, बाइक चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार; तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
आगरा। थाना रकाबगंज पुलिस एवं सर्विलांस सेल नगर जोन की संयुक्त टीम ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर तीन चोरी की मोटरसाइकिलें, दो मोबाइल फोन तथा चोरी की वारदात में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार थाना रकाबगंज में वादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि रात के समय अज्ञात चोर उसके घर के बाहर खड़ी उसके बहनोई की मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना रकाबगंज में मु.अ.सं. 44/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना रकाबगंज पुलिस और सर्विलांस सेल नगर जोन की संयुक्त टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए शवनेश उर्फ शिवा तथा सुवेन्द्र उर्फ भोला को केंद्रीय विद्यालय, रेलवे ईदगाह, आगरा के पीछे जंगल की झाड़ियों के पास से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, एक पेचकस, दो रिंच (पाना) और एक प्लास बरामद हुई। वहीं उनकी निशानदेही पर पास की झाड़ियों से दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं, जिनमें से एक मोटरसाइकिल का टायर गायब था।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना रकाबगंज में मु.अ.सं. 103/2026 के तहत धारा 35, 106 एवं 317(5) बीएनएस में भी अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने शहर के अन्य क्षेत्रों में भी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। रकाबगंज पुलिस और सर्विलांस सेल की इस संयुक्त कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।