जगदीशपुरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई: 24 घंटे में फोटो स्टूडियो चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; बाल अपचारी अभिरक्षा में - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 8 जुलाई 2026

जगदीशपुरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई: 24 घंटे में फोटो स्टूडियो चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; बाल अपचारी अभिरक्षा में

जगदीशपुरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई: 24 घंटे में फोटो स्टूडियो चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; बाल अपचारी अभिरक्षा में

आगरा। थाना जगदीशपुरा पुलिस ने बंद फोटो स्टूडियो में हुई चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके एक बाल अपचारी साथी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया है। दोनों के कब्जे से चोरी किया गया कीमती सामान बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार वादी ने थाना जगदीशपुरा में शिकायत दर्ज कराई कि नगला पातीराम स्थित उसके फोटो स्टूडियो की दुकान का ताला और कुंडी तोड़कर अज्ञात चोर अंदर घुस गए। दुकान के अंदर रखा सामान बिखरा हुआ था तथा दो कैमरे, एक लैपटॉप, कैमरे का लेंस, पांच हार्ड डिस्क सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया था। शिकायत के आधार पर थाना जगदीशपुरा में मु.अ.सं. 460/2026 के तहत धारा 305(ए) एवं 331(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना जगदीशपुरा पुलिस ने तत्काल विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पवन कुशवाह उर्फ नेता पुत्र लाखन सिंह को पथौली नगर के पास से घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसके एक बाल अपचारी साथी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया, जिसमें डेल कंपनी का लैपटॉप, सोनी कंपनी का कैमरा, कैनन कंपनी का कैमरा लेंस, छह हार्ड डिस्क, तीन सोनी बैटरियां, लैपटॉप चार्जर, दो केबल, एक माउस और दो फ्लैशलाइट शामिल हैं।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी पूर्व में भी चोरी की अन्य घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं।

थाना जगदीशपुरा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदात का शीघ्र खुलासा होने के साथ ही पीड़ित को उसका अधिकांश कीमती सामान वापस दिलाने में सफलता मिली है।

video

Pages