दयालबाग के गेस्ट हाउस में पति ने पत्नी को युवक के साथ देखा, मचा हंगामा; पुलिस ने थाने ले जाकर कराई पूछताछ
आगरा। न्यू आगरा थाना क्षेत्र के दयालबाग स्थित एक गेस्ट हाउस में सोमवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक कारोबारी ने अपनी पत्नी को एक युवक के साथ देख लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस पति, पत्नी और युवक को थाने ले गई। घंटों चली पूछताछ और बातचीत के बाद किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी, जिसके चलते सभी आपसी सहमति से अपने-अपने घर लौट गए।
पुलिस के अनुसार, कमला नगर निवासी एक चांदी कारोबारी की शादी करीब दस वर्ष पहले हुई थी। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी का अधिकांश समय मोबाइल और सोशल मीडिया पर बीतने लगा था, जिससे उसे संदेह होने लगा।
पति का कहना है कि घटना वाले दिन पत्नी स्कूटी से घर से निकली तो वह अपने एक मित्र के साथ कार से उसका पीछा करने लगा। आरोप है कि महिला दयालबाग स्थित एक गेस्ट हाउस पहुंची, जहां पहले से मौजूद एक युवक उससे मिलने आया। दोनों के कमरे में जाने के कुछ देर बाद पति भी वहां पहुंच गया, जिसके बाद गेस्ट हाउस परिसर में कहासुनी और हंगामा शुरू हो गया।
सूचना मिलने पर न्यू आगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को थाने ले जाकर पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला और युवक की पहचान करीब सात महीने पहले फेसबुक के माध्यम से हुई थी। सोशल मीडिया पर शुरू हुई बातचीत बाद में निजी मुलाकातों तक पहुंच गई।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि महिला से मिलने वाला युवक भी विवाहित है और चांदी के कारोबार से जुड़ा हुआ है। पूछताछ के दौरान पुलिस ने उसके परिजनों से भी संपर्क किया, जिसके बाद वे थाने पहुंच गए।
न्यू आगरा थाना पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामले में किसी भी पक्ष ने कोई लिखित तहरीर या शिकायत नहीं दी है। इसलिए कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। आवश्यक पूछताछ और आपसी बातचीत के बाद सभी लोग अपने-अपने घर लौट गए। हालांकि, गेस्ट हाउस में हुए इस घटनाक्रम की पूरे इलाके में दिनभर चर्चा होती रही।