नाले में पॉलीथिन फेंकी तो होगी 'तालियों' से शर्मिंदगी! आगरा की टीम SOS की अनोखी मुहिम - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 30 जुलाई 2026

नाले में पॉलीथिन फेंकी तो होगी 'तालियों' से शर्मिंदगी! आगरा की टीम SOS की अनोखी मुहिम

नाले में पॉलीथिन फेंकी तो होगी 'तालियों' से शर्मिंदगी! आगरा की टीम SOS की अनोखी मुहिम

'बहस नहीं, तालियां बजाइए'—गंदगी फैलाने वालों को बिना विवाद जिम्मेदारी का एहसास दिलाने की पहल, बरसात में जाम नालियों पर जताई चिंता

आगरा। शहर को स्वच्छ रखने के लिए आगरा की सामाजिक संस्था टीम एसओएस (सोल्जर्स ऑफ सोसायटी) ने एक अनोखी मुहिम शुरू की है। संस्था ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति नाले-नालियों में पॉलीथिन या कूड़ा फेंकता दिखाई दे तो उससे बहस या झगड़ा न करें, बल्कि उसके लिए ताली बजाएं, ताकि उसे अपनी गलती का एहसास हो और वह भविष्य में ऐसा करने से बचे।

टीम एसओएस के संस्थापक डॉ. नवीन जैन ने बताया कि बरसात के मौसम में पॉलीथिन के कारण शहर की नालियां और नाले जाम हो जाते हैं, जिससे जलभराव की समस्या बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि अधिकांश लोग बाजार से सामान लाने के बाद पॉलीथिन को लापरवाही से सड़क किनारे या अपने घर और दुकान के बाहर नाले-नालियों में फेंक देते हैं। यही छोटी-सी लापरवाही पूरे शहर के लिए बड़ी परेशानी बन जाती है।

डॉ. नवीन जैन ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य किसी को अपमानित करना नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी का अहसास कराना है। उनका मानना है कि कई बार बिना विवाद किए भी लोगों की गलत आदतों में बदलाव लाया जा सकता है। इसलिए टीम के सदस्य जब भी किसी को नाले या नाली में पॉलीथिन या कूड़ा फेंकते देखते हैं, तो वे विरोध करने या बहस करने के बजाय तालियां बजाते हैं।

उन्होंने शहरवासियों से भी इस मुहिम में जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि यदि हर नागरिक स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझे और दूसरों को भी सकारात्मक तरीके से जागरूक करे, तो आगरा को साफ और जलभराव मुक्त बनाने में बड़ी मदद मिल सकती है।

टीम एसओएस का कहना है कि यह पहल लोगों में शर्मिंदगी नहीं, बल्कि जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास है, ताकि शहर की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में हर नागरिक अपनी भूमिका निभाए।

video

Pages