मनचलों पर बरहन पुलिस का सर्जिकल स्ट्राइक: युवती से बदसलूकी करने वाले 02 अभियुक्त गिरफ्तार, बुलेट बाइक बरामद
बरहन (आगरा) कमिश्नरेट आगरा की पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले मनचलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। बरहन पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाज़ार में युवती से बदसलूकी और छेड़छाड़ कर भागने वाले 2 शातिर अभियुक्तों को दबोच लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई रॉयल एनफील्ड (बुलेट) मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
गत 31 जुलाई 2026 को पीड़िता के पिता ने थाना बरहन में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 जुलाई को बाज़ार में मोटरसाइकिल सवार अज्ञात युवकों ने उनकी बेटी के साथ बदनीयती से बदसलूकी की और मौके से फरार हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण करने के बाद आरोपियों की शिनाख्त हुई। मंगलवार को चेकिंग/गश्त के दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने नगला बेल के बम्बे वाले रास्ते पर तिराहे के पास घेराबंदी कर दोनों अभियुक्तों को धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अनुज पुत्र मुन्नालाल निवासी उस्मानपुर थाना खंदौली, आगरा, शिवा पुत्र प्रणवीर सिंह निवासी नगला अजीता थाना खंदौली, आगरा के रूप में हुई है। जिसमें एक आरोपी फरार है पुष्पेन्द्र पुत्र सतेन्द्र निवासी ग्राम नगला बेल, थाना बरहन जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 1 रॉयल एनफील्ड (बुलेट) (घटना में प्रयुक्त) बरामद हुई है।
महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। बरहन पुलिस की यह त्वरित और सटीक कार्रवाई मनचलों के लिए एक कड़ा संदेश है। बरहन पुलिस टीम ने न सिर्फ सीसीटीवी फुटेज के जरिए मामले का त्वरित खुलासा किया, बल्कि 24 घंटे के भीतर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाकर जनता का विश्वास और मजबूत किया है।