रक्षाबंधन-जन्माष्टमी पर आगरा में रात 11 बजे तक खुलेंगे बाजार, व्यापारियों को मिली राहत
आगरा। रक्षाबंधन और जन्माष्टमी के त्योहार को देखते हुए आगरा के व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है। अब बाजार रात 11 बजे तक खुले रह सकेंगे। जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई जिला स्तरीय वाणिज्य बंधु समिति की बैठक में व्यापारियों की मांग पर यह निर्णय लिया गया। डीएम ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्ययोजना तैयार कर बाजारों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में वाणिज्य बंधुओं की ओर से रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर बाजार बंदी के समय में राहत देने का प्रस्ताव रखा गया था। व्यापारियों का कहना था कि त्योहारों के दौरान खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग बाजारों में पहुंचते हैं। ऐसे में बाजार देर तक खुले रहने से व्यापारियों के साथ-साथ ग्राहकों को भी सुविधा मिलेगी।
जिलाधिकारी ने विगत वर्षों में पर्वों के दौरान बाजार बंदी की व्यवस्था को भी संज्ञान में लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यापारियों को रात 11 बजे तक बाजार खोलने की आवश्यक राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही बाजारों में भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा।
पुरानी मंडी-विक्टोरिया मार्ग पर जाम की समस्या पर भी चर्चा
बैठक में पुरानी मंडी से विक्टोरिया मार्ग पर लगने वाले जाम और डिवाइडरों को छोटा किए जाने के प्रकरण की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस मार्ग पर नमामि गंगे योजना के तहत राइजिंग मेन और ट्रेंचलेस ग्रेविटी सीवर लाइन डालने का काम चल रहा है। कार्य पूरा होने के बाद सड़क की पुनर्स्थापना और मरम्मत का काम कराया जाएगा।
डीएम ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने मौके पर गति सीमा से संबंधित संकेतक लगाने और लोगों के आवागमन को सुगम बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने को कहा।
न्यू मार्केट और जीवनी मंडी की दुकानों का भी उठा मुद्दा
बैठक में न्यू मार्केट और जीवनी मंडी स्थित दुकानों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों की भी समीक्षा हुई। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि दाराशिकोह पुस्तकालय परिसर में निर्मित भवन काफी जर्जर हो चुका है। इस भवन को ध्वस्त कर सुभाष बाजार के दुकानदारों को यहां विस्थापित करने की कार्ययोजना पर काम चल रहा है।
डीएम ने कार्ययोजना को जल्द आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही सुभाष बाजार की जर्जर दुकानों के ध्वस्तीकरण और मौके पर नाले के सुदृढ़ीकरण सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
त्योहारों के दौरान बाजारों के देर रात तक खुलने की अनुमति से व्यापारियों में राहत है। वहीं प्रशासन के सामने बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ के बीच यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की चुनौती भी रहेगी।