पांच लाख की रंगदारी और पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
आगरा। थाना बरहन पुलिस ने रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के महज 12 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से अवैध देशी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, वादी अपने नए रेस्टोरेंट पर मुड़ी चौराहे के पास खड़ा था। इसी दौरान अनुज धाकरे, मोहित शर्मा और दो अज्ञात व्यक्ति दो कारों से वहां पहुंचे। आरोप है कि अनुज धाकरे ने वादी के ऊपर पिस्टल तान दी और उससे पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वादी की तहरीर पर थाना बरहन में मुकदमा अपराध संख्या 167/2026 के तहत धारा 191(2), 191(3), 61(2), 308(5) और 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
थाना बरहन पुलिस टीम चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने नगला धोकल के पास बंबे की पटरी पर घेराबंदी कर अनुज धाकरे को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस .32 बोर और एक स्विफ्ट कार बरामद हुई। बरामद अवैध हथियार और कारतूस के संबंध में दर्ज मुकदमे में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। थाना बरहन पुलिस की महज 12 घंटे में की गई कार्रवाई से रंगदारी और धमकी के मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई सामने आई है।