आगरा में दर्दनाक रेल हादसा: ट्रैक निरीक्षण के दौरान ट्रेन की चपेट में आए रेलवे जेई, दोनों पैर कटे - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 26 अगस्त 2026

आगरा में दर्दनाक रेल हादसा: ट्रैक निरीक्षण के दौरान ट्रेन की चपेट में आए रेलवे जेई, दोनों पैर कटे

आगरा में दर्दनाक रेल हादसा: ट्रैक निरीक्षण के दौरान ट्रेन की चपेट में आए रेलवे जेई, दोनों पैर कटे

आगरा। आगरा-झांसी रेलवे ट्रैक पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। सैयां क्षेत्र में रेलवे ट्रैक का निरीक्षण कर रहे अवर अभियंता (जेई) ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि उनके दोनों पैर कटकर धड़ से अलग हो गए। गंभीर रूप से घायल जेई को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

घटना मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे जाजऊ रेलवे स्टेशन के पास की बताई जा रही है। रेलवे के एफएमआई विभाग में तैनात अवर अभियंता मनोज सैनी जाजऊ स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर चल रहे कार्य का निरीक्षण कर रहे थे।

बताया गया है कि रेलवे ट्रैक पर ब्लॉक लेकर मशीन से काम किया जा रहा था। इसी दौरान मनोज सैनी अंडरपास के पास मशीन से नीचे उतरे और डाउन ट्रैक पर पैदल चलकर निरीक्षण करने लगे। इसी बीच भांडई की ओर से आ रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में वह आ गए।

ट्रेन की चपेट में आने से मनोज सैनी के दोनों पैर बुरी तरह कटकर अलग हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। तत्काल एंबुलेंस की मदद से घायल जेई को उपचार के लिए सीएचसी सैयां ले जाया गया।

सीएचसी सैयां में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल उनका उपचार जारी है और हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद रेलवे कर्मचारियों में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा। घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों ने मौके की स्थिति और हादसे के कारणों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

video

Pages