आगरा के 13 साल के बच्चे का लखनऊ मेट्रो स्टेशन पर मिला सुराग, अपहरण का दावा
आगरा के रुनकता मोड़ क्षेत्र से लापता हुआ 13 वर्षीय बच्चा लखनऊ के दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षित मिला। बच्चे ने सुरक्षा कर्मियों को बताया कि कुछ लोग उसे कथित तौर पर अगवा करके आगरा से लखनऊ लाए थे और वह मौका पाकर उनके चंगुल से निकल गया। बच्चे के सुरक्षित मिलने की सूचना परिवार को दी गई, जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
घटना मंगलवार दोपहर करीब 12:50 बजे की बताई जा रही है। दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन के कॉनकोर्स एरिया में तैनात सुरक्षा कर्मियों के पास एक डरा-सहमा बच्चा पहुंचा। पूछताछ में उसने अपनी पहचान आगरा के साईं धाम कॉलोनी, रुनकता मोड़, करावली निवासी के रूप में बताई। उसने बताया कि उसके पिता कोचिंग संस्थान चलाते हैं।
बच्चे के अनुसार, कुछ लोगों ने उसका अपहरण कर लिया था और उसे आगरा से लखनऊ लेकर आए थे। भीड़ के बीच उसे मौका मिला तो वह कथित अपहरणकर्ताओं के चंगुल से निकलकर किसी तरह मेट्रो स्टेशन पहुंचा और मदद मांगी।
सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत संभाला मोर्चा
बच्चे की हालत देखकर एसएसएफ के जवानों ने उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और स्टेशन कंट्रोल टीम को इसकी जानकारी दी। बच्चे को भरोसे में लेकर उसके परिवार से संपर्क करने की कोशिश की गई। बाद में बच्चे की मदद से उसके पिता से वीडियो कॉल के जरिए संपर्क कराया गया।
वीडियो कॉल पर बेटे को सुरक्षित देखकर परिवार ने राहत की सांस ली। पिता ने बताया कि बच्चा लापता होने के बाद उन्होंने आगरा पुलिस में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
112 पर दी गई सूचना, पुलिस ने चाचा को सौंपा बच्चा
बच्चे के मिलने की सूचना मिलते ही मेट्रो स्टेशन कंट्रोल टीम ने बिना देर किए 112 पर पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद थाना नाका पुलिस दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन पहुंची। पुलिस ने बच्चे की पहचान और मामले से जुड़े तथ्यों का आवश्यक सत्यापन किया।
आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद बच्चे को पुलिस की मौजूदगी में उसके चाचा के सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया।
फिलहाल बच्चे ने जिन लोगों पर अपहरण का आरोप लगाया है, उनकी पहचान और घटना की पूरी परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच अहम है। बच्चे के बयान और दर्ज गुमशुदगी के आधार पर जांच आगे बढ़ने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उसके साथ वास्तव में क्या हुआ था।