आगरा में 45 लाख की अवैध शराब बरामद, खंदौली थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 14 अगस्त 2026

आगरा में 45 लाख की अवैध शराब बरामद, खंदौली थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई

आगरा में 45 लाख की अवैध शराब बरामद, खंदौली थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई

आगरा। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आगरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना खंदौली पुलिस, साइबर टीम और सर्विलांस/काउंटर इंटेलिजेंस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक 12 चक्का ट्रक से करीब 45 लाख रुपये कीमत की अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई खंदौली थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार श्रीवास्त के नेतृत्व में की गई। बेहतरीन पुलिसिंग, सक्रिय सूचना तंत्र और अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के लिए पहचाने जाने वाले थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध ट्रक को मई चौराहे पर रोककर उसकी तलाशी ली।

ट्रक में बना था शराब छिपाने के लिए गुप्त केबिन

तलाशी के दौरान पुलिस को ट्रक में लकड़ी से बनाया गया एक गुप्त केबिन मिला। इसी छिपे हुए हिस्से में शराब की पेटियां रखी गई थीं। पुलिस के मुताबिक कुल 310 पेटियों में 1,644 बोतल, 1,800 अद्धे और 4,704 पौव्वा अवैध शराब बरामद हुई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है।

तस्करों ने शराब को सामान्य माल की तरह दिखाने और पुलिस की नजर से बचाने के लिए ट्रक में विशेष तरीके से गुप्त केबिन तैयार कराया था। पुलिस की सतर्कता के चलते तस्करी की यह बड़ी खेप पकड़ी गई।

चंडीगढ़ से समस्तीपुर जा रही थी खेप

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि शराब की खेप चंडीगढ़ से समस्तीपुर, बिहार ले जाई जा रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लोड कराई गई थी और समस्तीपुर में इसे किस व्यक्ति को सौंपा जाना था।

बाड़मेर का आरोपी गिरफ्तार

संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मनीष कुमार निवासी बाड़मेर, राजस्थान को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी के पूर्व में भी शराब तस्करी के मामले में पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के साथ-साथ तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस

बड़ी मात्रा में शराब बरामद होने के बाद पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुट गई है। शराब के स्रोत, ट्रक मालिक, खेप भेजने वाले व्यक्ति और बिहार में इसे प्राप्त करने वाले लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई को खंदौली पुलिस की सक्रिय और प्रभावी पुलिसिंग का उदाहरण माना जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध शराब की तस्करी करने वाले लोगों में हड़कंप मचा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

video

Pages