15 किलो गांजे के साथ मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार, किरावली पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई
आगरा। अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना किरावली पुलिस और साइबर/सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने कार्रवाई करते हुए 15.105 किलोग्राम गांजे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मथुरा, भरतपुर और आगरा में गांजा बेचकर अपना खर्च चलाता था।
पुलिस के मुताबिक 22 अगस्त 2026 को थाना किरावली पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने दक्षिणी बाईपास स्थित रायभा टोल से आगरा-भरतपुर की ओर उतरने वाले रैंप के किनारे घेराबंदी की। यहां से संदिग्ध अवस्था में मौजूद मोटू बंगाली उर्फ तरुण कुमार को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोटू बंगाली उर्फ तरुण कुमार पुत्र ओमप्रकाश, निवासी कनकोर टीला बंगाली कॉलोनी, निकट बिरला मंदिर, थाना गोविंद नगर, जनपद मथुरा के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15.105 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजा मथुरा, भरतपुर और आगरा में बेचता था और इससे अपने खर्च की व्यवस्था करता था।
बरामदगी के आधार पर थाना किरावली में मु0अ0सं0 201/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। मथुरा जनपद के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ चोरी, लूट और आयुध अधिनियम सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके मादक पदार्थों के नेटवर्क और गांजे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष मदन सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज कुमार, साइबर/सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज कुमार, महिला उपनिरीक्षक रिंकी यादव, उपनिरीक्षक अमित कुमार के साथ कांस्टेबल अंकित, कपिल, विनय, गौरव कुमार और विवेक कुमार शामिल रहे।
किरावली पुलिस और साइबर/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई से अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।