नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को 15 घंटे में दबोचा, किरावली पुलिस की त्वरित कार्रवाई - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 24 अगस्त 2026

नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को 15 घंटे में दबोचा, किरावली पुलिस की त्वरित कार्रवाई

नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को 15 घंटे में दबोचा, किरावली पुलिस की त्वरित कार्रवाई

आगरा। थाना किरावली क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त को महज 15 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। संवेदनशील मामले में पुलिस की तेजी से की गई कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार बीते शनिवार को पीड़िता की मां ने थाना किरावली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि करीब आठ दिन पूर्व अभियुक्त घनश्याम उर्फ बाबा ने उनकी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर, अपर पुलिस आयुक्त एवं पुलिस उपायुक्त के निर्देशन में अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। सहायक पुलिस आयुक्त अछनेरा के नेतृत्व में टीम ने आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश और चेकिंग अभियान चलाया।

रविवार को पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग एवं गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महुअर कट के पास से अभियुक्त घनश्याम उर्फ बाबा पुत्र लीलाधर निवासी ग्राम महुअर, थाना किरावली को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी किरावली मदन सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज कुमार दीक्षित, कांस्टेबल धीरेंद्र गौर एवं कांस्टेबल अनुज कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। नाबालिग से जुड़े इस संवेदनशील मामले में पुलिस द्वारा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।

video

Pages