त्योहार से पहले डेयरियों पर पहुंची एफएसडीए की टीमें, दूध-दही-पनीर समेत 17 नमूने जांच को भेजे
मिलावट के खिलाफ लगातार एक्शन, एक दिन पहले 1998 लीटर संदिग्ध दूध कराया गया था नष्ट
आगरा। त्योहारों का सीजन शुरू होने से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने अपना अभियान तेज कर दिया है। दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को एफएसडीए की कई टीमों ने आगरा के अलग-अलग क्षेत्रों में डेयरियों और दूध की सप्लाई करने वाले वाहनों की जांच की। इस दौरान दूध, दही, पनीर, क्रीम, घी, बटर और अन्य खाद्य पदार्थों के कुल 17 विधिक नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
एफएसडीए की कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए दूध और दूध से बने उत्पादों की मांग बढ़ जाती है। विभाग की टीमें लगातार डेयरियों, दूध विक्रेताओं और सप्लाई वाहनों पर नजर बनाए हुए हैं।
एक दिन पहले ही एफएसडीए की टीम ने टैंकर से सप्लाई किए जाने वाले 1998 लीटर दूध को नष्ट कराया था। जांच के दौरान दूध से बदबू आने के साथ टैंकर के आसपास मच्छर और मक्खियां भी भिनभिनाती मिली थीं। इसके बाद विभाग ने दूध को मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए नष्ट करा दिया था।
शुक्रवार को चले अभियान में एफएसडीए की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता की जांच की और नमूने संग्रहित किए।
देवरी रोड गुम्मट स्थित यादव मिल्क डेयरी से हॉकर वाहन संख्या UP75EU5957 पर सप्लाई किए जा रहे दूध का एक नमूना लिया गया। इसके अलावा पचकुइया चौराहा से गाय के दूध का एक नमूना संग्रहित किया गया।
नगला पदी, दयालबाग स्थित भावना डेयरी से दही का एक नमूना लिया गया, जबकि भावना द्वारिका स्टेट स्थित Pinnacle Food से पनीर का एक नमूना संग्रहित किया गया। वहीं नीरज डेयरी, मदिया कटरा से क्रीम, घी और बटर के तीन नमूने लिए गए।
फतेहाबाद-बाह रोड क्षेत्र में भी एफएसडीए टीम ने कार्रवाई करते हुए अमर सिंह, रामनरेश, पुरुषोत्तम सिंह, सतीश सिंह और राहुल यादव से मिश्रित दूध के कुल पांच नमूने संग्रहित किए।
बाह के नगला भरी, मानिकपुरा क्षेत्र में बजाज मैक्सिमा वाहन संख्या UP80GT1381 पर रेवतीराम से Sugar Boiled Confectionery का एक नमूना तथा मुकेश कुमार से मिश्रित दूध का एक नमूना लिया गया। वहीं स्याहीपुरा में बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन संख्या UP83CT6028 पर रवि से मिश्रित दूध का एक नमूना और ई-रिक्शा संख्या UP80DT8916 पर सुनील कुमार से मिश्रित दूध का एक नमूना संग्रहित किया गया।
अभियान के दौरान दूध, मिश्रित दूध और गाय के दूध के 11, दही का एक, क्रीम का एक, घी का एक, बटर का एक, पनीर का एक तथा Sugar Boiled Confectionery का एक नमूना, यानी कुल 17 विधिक नमूने लिए गए हैं।
सभी नमूनों को नियमानुसार खाद्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके तहत बनाए गए नियमों और विनियमों के अनुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
एफएसडीए की लगातार कार्रवाई से दूध और दुग्ध उत्पादों में मिलावट करने वालों में खलबली मची हुई है। विभाग का अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहने की संभावना है, ताकि त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।