खेल ज्ञान से संस्कार और राष्ट्रभावना तक: क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक, पोस्टर का विमोचन
जनपद आगरा:-क्रीड़ा भारती द्वारा आयोजित होने वाली क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026 को लेकर सरस्वती विद्या मंदिर, कमला नगर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की तैयारियों, व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक विद्यार्थियों एवं युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026 का आयोजन रविवार, 6 सितंबर 2026 को देशभर में किया जाएगा। परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों, अभिभावकों और आमजन में खेलों के प्रति जागरूकता, ज्ञान और रुचि बढ़ाना है। क्रीड़ा भारती द्वारा लगातार कई वर्षों से इस परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है।
बैठक में क्रीड़ा भारती के क्षेत्र संयोजक राजेश कुलश्रेष्ठ ने क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026 के पोस्टर का विमोचन किया। पोस्टर विमोचन के दौरान परीक्षा को अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाने और युवाओं को खेलों से जोड़ने की रणनीति पर चर्चा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का भी सशक्त साधन हैं। खेलों के माध्यम से अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली, आत्मविश्वास, संस्कार और राष्ट्रभावना का विकास होता है। क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण पहल है।
बैठक में जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार मित्तल, जिला मंत्री चंद्रप्रकाश राजपूत, जिला दिव्यांग प्रमुख प्रताप सिंह बघेल, महानगर मंत्री अरुण सविता, महानगर मीडिया प्रभारी रुपेश अग्रवाल, सह मंत्री शरद कुमार, क्रीड़ा केंद्र प्रमुख रामप्रवेश दुबे एवं आगरा विभाग संयोजक राजेश सिंह कुशवाहा सहित मनीष नेमीरा मित्तल एवं अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।