व्यापारी सम्मेलन में भाजपा सरकार पर बरसे सपा नेता, 2027 में सरकार बदलने का आह्वान - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 13 अगस्त 2026

व्यापारी सम्मेलन में भाजपा सरकार पर बरसे सपा नेता, 2027 में सरकार बदलने का आह्वान

व्यापारी सम्मेलन में भाजपा सरकार पर बरसे सपा नेता, 2027 में सरकार बदलने का आह्वान

आगरा। समाजवादी व्यापार सभा के मंडलीय व्यापारी सम्मेलन में भाजपा सरकार की व्यापारी नीतियों पर जमकर निशाना साधा गया। विजय नगर स्थित नवरंग भवन में आयोजित सम्मेलन में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार में व्यापारी न तो खुद को सम्मानित महसूस कर रहा है और न ही सुरक्षित। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को हटाकर अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का आह्वान किया।

सम्मेलन की अध्यक्षता रामचरण पोरवाल ने की। इसमें आगरा मंडल के विभिन्न जिलों से व्यापार सभा के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए।

मनीष जगन अग्रवाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में व्यापारी हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए थे। इनमें धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम को स्थगित करना, चुंगी प्रथा, इंस्पेक्टर राज और तहबाजारी समाप्त करना तथा पंजीकृत व्यापारियों के लिए 10 लाख रुपये तक की निःशुल्क व्यापारी दुर्घटना योजना शुरू करना शामिल है। उन्होंने दावा किया कि इन फैसलों का लाभ व्यापारी समाज को मिला था।

उन्होंने कहा कि फुटकर व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी और गुमटी-ठेला दुकानदारों से लेकर छोटे-बड़े व्यापारियों और कुटीर उद्यमियों तक में भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर नाराजगी है।

औद्योगिक सुविधाओं पर भी उठाए सवाल

प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने सरकार के इन्वेस्टर समिट के आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार औद्योगिक विकास का दावा कर रही है, जबकि औद्योगिक क्षेत्रों में उद्यमी बिजली, पानी, सड़क और सीवर जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए सरकारी विभागों के चक्कर काट रहे हैं। उन्होंने कहा कि केवल निवेश के आंकड़े पेश करने से औद्योगिक विकास की वास्तविक तस्वीर सामने नहीं आती।

पेठा उद्योग की स्थिति पर चिंता

प्रदेश सचिव एवं मंडल प्रभारी मनोज गुप्ता ने आगरा के प्रसिद्ध पेठा उद्योग की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने दावा किया कि गैस और जगह की समस्या के कारण करीब 400 से 500 पेठा फैक्ट्रियां बंद हो चुकी हैं या दूसरे जिलों में स्थानांतरित हो गई हैं। उनके अनुसार वर्तमान में करीब 125 से 150 फैक्ट्रियां ही संचालित हो रही हैं।

उन्होंने आगरा एयरपोर्ट और सिविल एन्क्लेव की योजनाओं को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इन परियोजनाओं को लेकर लंबे समय से आश्वासन दिए जा रहे हैं।

यमुना क्रूज और ओडीओपी पर सवाल

सम्मेलन में यमुना क्रूज सेवा और एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना का मुद्दा भी उठा। वक्ताओं ने कहा कि अगस्त 2022 में मथुरा-वृंदावन-आगरा के बीच यमुना में क्रूज सेवा शुरू करने की योजना सामने आई थी, लेकिन अब तक यह सेवा शुरू नहीं हो सकी।

ओडीओपी योजना के तहत आगरा में चमड़ा, मथुरा में सेनेटरी फिटिंग, फिरोजाबाद में कांच की चूड़ियां व गिलास तथा अलीगढ़ में तारकशी को प्रमुख उत्पाद के रूप में चुना गया था। सम्मेलन में नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों और भ्रष्टाचार के कारण योजना अपेक्षित परिणाम हासिल नहीं कर सकी।

कार्यक्रम संयोजक एवं प्रदेश सचिव राकेश अग्रवाल ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने आगरा की जनता और व्यापारियों को विकास के नाम पर लगातार आश्वासन दिए, लेकिन उनकी समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हुआ।

सम्मेलन में संजीव पोरवाल, सोमेश गुप्ता, सपा जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा, महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास, वरिष्ठ नेता राजपाल यादव, राहुल चतुर्वेदी, संतोष पाल, विनय अग्रवाल, मधुकर अरोड़ा, बलविंदर सिंह, सचिन चतुर्वेदी, अनूप यादव, यदुवीर यादव जाटव, रामसहाय यादव, राधा राठौर, रेनू गुप्ता, शीलू गुप्ता, जवाहरलाल अग्रवाल, जगदीश राठौर, मनीष भारद्वाज, पंकज अग्रवाल, राजीव ठाकुर, इलियास सिद्दीकी, राजकुमार यादव, अखिलेश पोरवाल, राजीव पोरवाल, गोपाल पंडित, पंकज चौहान, राम गोयल, ग्रीस सिंगल, आनंद पोरवाल, मनोज पोरवाल और कमलेश पोरवाल सहित चारों मंडलों के जिला अध्यक्ष मौजूद रहे।

video

Pages