ट्रेनों में बेवजह अलार्म चेन खींचने वालों पर रेलवे का शिकंजा, 23 दिन में 123 पर कार्रवाई - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 25 अगस्त 2026

ट्रेनों में बेवजह अलार्म चेन खींचने वालों पर रेलवे का शिकंजा, 23 दिन में 123 पर कार्रवाई

ट्रेनों में बेवजह अलार्म चेन खींचने वालों पर रेलवे का शिकंजा, 23 दिन में 123 पर कार्रवाई

आगरा। ट्रेनों में बिना उचित कारण अलार्म चेन खींचकर रेल संचालन प्रभावित करने वाले यात्रियों के खिलाफ आगरा रेल मंडल ने सख्त अभियान चलाया है। 1 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक चले अभियान में मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग (ACP) करने वाले 123 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया।

रेलवे के अनुसार, सबसे अधिक कार्रवाई मथुरा जंक्शन और आगरा छावनी रेलवे स्टेशन पर की गई। मथुरा जंक्शन पर 57 लोगों, आगरा छावनी स्टेशन पर 42 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई। इसके अलावा आगरा किला स्टेशन पर छह, अछनेरा स्टेशन पर छह, कोसीकलां स्टेशन पर सात और धौलपुर स्टेशन पर तीन लोगों को अनावश्यक अलार्म चेन खींचने के मामले में पकड़ा गया।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ट्रेनों में बिना उचित कारण अलार्म चेन खींचने से ट्रेन संचालन प्रभावित होता है और यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार अनावश्यक रूप से ट्रेन रुकने से ट्रेनों के समयबद्ध संचालन पर भी असर पड़ता है। इसी को देखते हुए आगरा मंडल द्वारा विभिन्न रेल खंडों, प्रमुख स्टेशनों और ट्रेनों में नियमित रूप से सघन जांच और निगरानी की जा रही है।

रेलवे की ओर से यात्रियों को लगातार जागरूक भी किया जा रहा है। प्रमुख स्टेशनों पर अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग न करने को लेकर नियमित उद्घोषणा की जा रही है। इसके साथ ही बैनर और पोस्टर के माध्यम से यात्रियों को नियमों की जानकारी दी जा रही है। आरडीएन स्क्रीन के जरिए भी रेल यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है।

आगरा मंडल का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ ट्रेनों का समयबद्ध और निर्बाध संचालन उसकी प्राथमिकता है। अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग के खिलाफ जांच और कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि आपात स्थिति को छोड़कर अलार्म चेन का इस्तेमाल न करें और रेल संचालन को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें।

video

Pages