गैस गोदाम से 708 सिलेंडर गायब, गोदाम इंचार्ज गिरफ्तार; निशानदेही पर 9 सिलेंडर बरामद - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 26 अगस्त 2026

गैस गोदाम से 708 सिलेंडर गायब, गोदाम इंचार्ज गिरफ्तार; निशानदेही पर 9 सिलेंडर बरामद

गैस गोदाम से 708 सिलेंडर गायब, गोदाम इंचार्ज गिरफ्तार; निशानदेही पर 9 सिलेंडर बरामद

आगरा। थाना एकता पुलिस ने इंडेन गैस गोदाम से बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर गायब होने के मामले का खुलासा करते हुए गोदाम इंचार्ज को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर इंडेन गैस के 9 सिलेंडर बरामद किए हैं। इनमें 14.20 किलोग्राम क्षमता के 4 और 5 किलोग्राम क्षमता के 5 सिलेंडर शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, इंडेन गैस एजेंसी के संचालक ने थाना एकता में सूचना दी थी कि राहुल सिंह पुत्र हुकुम सिंह निवासी मंडी तिल, फतेहपुर सीकरी गैस गोदाम में इंचार्ज के पद पर काम कर रहा था। राहुल गोदाम में ताला लगाकर अचानक कहीं चला गया और उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। गोदाम बंद होने के कारण गैस की सप्लाई प्रभावित होने लगी।

स्थिति को देखते हुए गैस एजेंसी संचालक ने वीडियो ग्राफी कराते हुए गोदाम का ताला खुलवाया। गोदाम के अंदर जांच करने पर बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर गायब मिले। कुल 708 गैस सिलेंडर गायब होने की जानकारी सामने आने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

तहरीर के आधार पर थाना एकता में मुकदमा अपराध संख्या 310/2026 के तहत धारा 305(ए) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल सिंह को देवरी पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने 4 इंडेन गैस सिलेंडर 14.20 किलोग्राम तथा 5 इंडेन गैस सिलेंडर 5 किलोग्राम क्षमता के बरामद किए।

पुलिस की कार्रवाई के बाद अब यह जांच की जा रही है कि गोदाम से गायब किए गए बाकी सिलेंडरों को कहां और किसे बेचा गया। पुलिस मामले में शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। थाना एकता पुलिस की कार्रवाई से गैस गोदाम से सिलेंडरों की चोरी के मामले में महत्वपूर्ण खुलासा हुआ है।

video

Pages