सिकंदरा पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन: सिक्योरिटी सुपरवाइजर पर तमंचे से फायरिंग करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
आगरा। थाना सिकंदरा पुलिस ने जानलेवा फायरिंग की घटना का महज 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कंपनी के सिक्योरिटी सुपरवाइजर पर तमंचे से फायर करने वाले अभियुक्त मेघश्याम उर्फ मैंगो ठाकुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार थाना सिकंदरा क्षेत्र स्थित गुप्ता एच.सी. ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में वादी सिक्योरिटी सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है। कंपनी में मैंगो ठाकुर फिटर का काम करता था। बताया गया कि कार्य ठीक से नहीं करने पर कंपनी के सुपरवाइजर ने उसे समझाया, लेकिन वह आक्रोशित हो गया और गाली-गलौज करने लगा। स्थिति बिगड़ने पर सुपरवाइजर ने उसे कंपनी से बाहर कर दिया।
आरोप है कि इसके कुछ समय बाद मैंगो ठाकुर अपने एक अज्ञात साथी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस आया। उसने तमंचा निकालकर कंपनी के सिक्योरिटी सुपरवाइजर को निशाना बनाते हुए फायर कर दिया। गनीमत रही कि फायरिंग में सुपरवाइजर बाल-बाल बच गया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सिकंदरा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया। वादी की तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0 445/2026, धारा 109(1), 351(3) एवं 352 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना सिकंदरा पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जऊपुरा नहर की तरफ से आने वाले मार्ग से अभियुक्त मेघश्याम उर्फ मैंगो ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया, जिसे पुलिस ने फायरिंग की घटना में प्रयुक्त बताया है। पुलिस अब आरोपी के साथ मौजूद अज्ञात साथी के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
थाना सिकंदरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से फायरिंग जैसी गंभीर घटना में आरोपी का 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार होना पुलिस की सक्रियता और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को दर्शाता है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।