पिनाहट पुलिस का 24 घंटे में बड़ा खुलासा, दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 28 अगस्त 2026

पिनाहट पुलिस का 24 घंटे में बड़ा खुलासा, दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

पिनाहट पुलिस का 24 घंटे में बड़ा खुलासा, दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

आगरा। थाना पिनाहट पुलिस टीम ने दुकान का ताला तोड़कर रात में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले अभियुक्त को महज 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 1,770 रुपये नकद बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार थाना पिनाहट क्षेत्र में एक परचून की दुकान को चोरों ने रात के अंधेरे में निशाना बनाया था। चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे करीब 15 हजार रुपये कीमत के गुटखा, नमकीन और सिगरेट के पैकेट समेत 15 हजार 700 रुपये नकद चोरी कर लिए थे। सुबह दुकान पहुंचने पर ताला टूटा देखकर दुकानदार के होश उड़ गए। मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

वादी की तहरीर के आधार पर थाना पिनाहट में मु0अ0सं0 136/2026, धारा 305ए/331(2)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश और चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।

पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुकदमे में संलिप्त अभियुक्त साजिद पुत्र स्वर्गीय नूर मोहम्मद को अरनोटा-पिनाहट रोड पर 74 की पुलिया से नगला दलेल की तरफ जाने वाली नहर पटरी से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से पुलिस ने 1,770 रुपये नकद बरामद किए हैं, जिन्हें चोरी की रकम बताया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी की घटना में शामिल अन्य लोगों तथा चोरी किए गए सामान के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

थाना पिनाहट पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दुकान में हुई चोरी की वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा हो गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के दुकानदारों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

video

Pages