एकता पुलिस का बड़ा खुलासा: निर्माणाधीन विद्युत उपकेंद्र से 33 केवी केबल चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
आगरा। थाना एकता पुलिस टीम ने निर्माणाधीन विद्युत उपकेंद्र से करीब 1000 मीटर 33 केवी केबल चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और 1,750 रुपये नकद बरामद किए हैं। साथ ही उसकी निशानदेही पर तारों से भरा करीब 400 किलोग्राम वजनी लोहे का ड्रम और 30 किलोग्राम 33 केवी तार भी बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार डिफेन्स इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के ग्राम बीझामई आगरा में विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माणाधीन विद्युत उपकेंद्र का कार्य कर रही कंपनी के सुपरवाइजर ने थाना एकता पुलिस को सूचना दी कि विभाग द्वारा आवंटित विद्युत सामग्री को महुआखेड़ा कट पर रखा गया था। इसी सामग्री में करीब 1000 मीटर 33 केवी केबल भी मौजूद थी, जो मौके से गायब मिली।
आशंका जताई गई कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा विद्युत केबल चोरी कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना एकता पुलिस ने तत्काल तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0 425/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया और घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना पर थाना एकता पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त अभियुक्त लवकुश पुत्र सामरे को इनर रिंग रोड पर महुआखेड़ा के सामने पहली पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक मोबाइल फोन और 1,750 रुपये नकद बरामद किए। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई विद्युत सामग्री भी बरामद कर ली। पुलिस के अनुसार बरामद सामान में तारों से भरा एक लोहे का ड्रम, जिसका वजन करीब 400 किलोग्राम है, तथा 30 किलोग्राम 33 केवी तार, जिसमें कॉपर और एल्युमिनियम तार शामिल हैं, बरामद हुआ।
निर्माणाधीन विद्युत उपकेंद्र से बड़ी मात्रा में केबल चोरी होने की घटना से पुलिस विभाग में भी हड़कंप मचा था। ऐसे में थाना एकता पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज, साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर गिरफ्तारी करने को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पुलिस अब गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी की इस वारदात में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा चोरी की गई शेष विद्युत सामग्री कहां खपाई गई। पुलिस द्वारा अभियुक्त के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।