आगरा कैंट स्टेशन पर टिकट चेकिंग से मची अफरातफरी, कोई टॉयलेट में छिपा तो कोई भागा; 287 यात्री पकड़े
आगरा। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को रेलवे के किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान के दौरान अफरातफरी का माहौल देखने को मिला। बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों की धरपकड़ के लिए रेलवे की टीम ने स्टेशन के वेटिंग रूम, टॉयलेट और दिव्यांगजन कोच तक की जांच की। अभियान के दौरान कई यात्री इधर-उधर भागते नजर आए। कुछ यात्रियों के टॉयलेट में छिपने की भी बात सामने आई।
रेलवे के इस विशेष अभियान में 18 टिकट चेकिंग कर्मचारियों को स्टेशन पर तैनात किया गया था। टीम ने स्टेशन के अलग-अलग हिस्सों में सघन जांच की। अचानक हुई कड़ी चेकिंग से बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों में हड़कंप मच गया। कई लोग बचने का रास्ता तलाशते नजर आए, जबकि कुछ यात्रियों ने परिचितों का हवाला देकर खुद को बचाने का प्रयास किया।
चेकिंग अभियान के दौरान रेलवे टीम ने कुल 287 यात्रियों को बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा करते पकड़ा। इन यात्रियों से रेलवे ने कुल 2 लाख 64 हजार 205 रुपये का जुर्माना वसूल किया।
इनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले 150 यात्रियों से 1 लाख 61 हजार 90 रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि 137 अनियमित यात्रियों से 1 लाख 3 हजार 115 रुपये का जुर्माना किया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार टिकट चेकिंग अभियान को आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा। जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि टिकट चेकिंग को और गति देते हुए चेकिंग स्क्वाड और विशेष चेकिंग टीमों के माध्यम से मंडल के विभिन्न स्टेशनों तथा रेलखंडों पर सघन टिकट जांच की जा रही है।
रेलवे का कहना है कि यात्रियों को उचित टिकट लेकर ही यात्रा करनी चाहिए। बिना टिकट या अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी। उत्तर मध्य रेलवे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और सुखद यात्रा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।