आगरा में दर्दनाक रेल हादसा: ट्रैक निरीक्षण कर रहे रेलवे जेई ट्रेन की चपेट में आए, दोनों पैर कटे
आगरा। आगरा-झांसी रेलवे ट्रैक पर मंगलवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। सैयां क्षेत्र में रेलवे ट्रैक का निरीक्षण कर रहे अवर अभियंता (जेई) ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि उनके दोनों पैर कटकर धड़ से अलग हो गए। गंभीर रूप से घायल जेई को पहले सीएचसी सैयां ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे जाजऊ रेलवे स्टेशन के पास की बताई जा रही है। रेलवे के एफएमआई विभाग में तैनात अवर अभियंता मनोज सैनी जाजऊ स्टेशन के पास चल रहे रेलवे कार्य का निरीक्षण कर रहे थे।
बताया गया है कि जाजऊ स्टेशन के पास ब्लॉक लेकर मशीन से काम किया जा रहा था। इसी दौरान मनोज सैनी अंडरपास के पास मशीन से नीचे उतरे और डाउन ट्रैक पर पैदल चलकर निरीक्षण करने लगे। इसी बीच भांडई की ओर से आ रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में वह आ गए।
ट्रेन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे में मनोज सैनी के दोनों पैर कटकर धड़ से अलग हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा एंबुलेंस की मदद से घायल जेई को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी सैयां पहुंचाया गया।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद मनोज सैनी की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा रेफर कर दिया। वहां उनका उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना के बाद रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया। संबंधित अधिकारियों द्वारा घटना की जानकारी जुटाई जा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।