गुमशुदा बालक को पुलिस ने 2 घंटे में सकुशल बरामद किया
आगरा। थाना मलपुरा क्षेत्र में घर से नाराज होकर बिना बताए निकले नाबालिग बालक को मलपुरा पुलिस ने करीब दो घंटे के अथक प्रयास के बाद सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बालक के घर से चले जाने के संबंध में उसकी मां ने थाना मलपुरा पर प्रार्थना पत्र देकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बालक की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई। इसके अलावा सोशल मीडिया और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से बालक की तलाश की गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप करीब दो घंटे में बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया।
आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद बालक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।