आगरा में खाद विक्रेताओं पर छापेमारी, 30 नमूने लिए; चार के प्राधिकार पत्र निलंबित, 10 दुकानों को नोटिस
आगरा। शासन के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देश पर शुक्रवार को जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए बड़े स्तर पर आकस्मिक छापामार कार्रवाई की गई। तीन टीमों ने जिलेभर में उर्वरक बिक्री प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान 30 उर्वरक नमूने लिए गए, जबकि अभिलेख अपूर्ण पाए जाने पर चार विक्रेताओं के उर्वरक प्राधिकार पत्र निलंबित कर दिए गए। वहीं 10 प्रतिष्ठान बंद मिले, जिन्हें नोटिस जारी किए गए हैं।
कार्रवाई के लिए गठित तीन टीमों में जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार, उप कृषि निदेशक मुकेश कुमार, जिला उद्यान अधिकारी मनोज कुमार, अपर जिला कृषि अधिकारी गुफरान अहमद तथा संबंधित तहसीलों के उप जिलाधिकारी और तहसीलदार शामिल रहे।
टीमों ने जनपद के विभिन्न उर्वरक बिक्री केंद्रों पर अचानक पहुंचकर स्टॉक, बिक्री, अभिलेख और उर्वरकों की गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण के दौरान कुल 30 उर्वरक नमूने संग्रहित किए गए। अभिलेखों में कमी पाए जाने पर चार विक्रेताओं के उर्वरक प्राधिकार पत्र निलंबित किए गए। इनमें सदर तहसील का एक, फतेहाबाद तहसील के दो और किरावली तहसील का एक विक्रेता शामिल है।
इसके अलावा निरीक्षण के दौरान 10 उर्वरक प्रतिष्ठान बंद पाए गए। संबंधित विक्रेताओं को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।
जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध
जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि जनपद में वर्तमान में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। जिले में 19,836 मीट्रिक टन यूरिया, 9,781 मीट्रिक टन डीएपी, 7,220 मीट्रिक टन एमओपी, 12,848 मीट्रिक टन एनपीके और 2,496 मीट्रिक टन एसएसपी उपलब्ध है।
उन्होंने किसानों से अपील की कि उर्वरक की बोरी पर अंकित निर्धारित खुदरा मूल्य यानी एमआरपी पर ही खाद खरीदें। सहकारी समितियों और निजी उर्वरक विक्रेताओं के यहां लगातार उर्वरक की आपूर्ति की जा रही है। किसानों को किसी तरह की कमी या अधिक कीमत वसूले जाने की स्थिति में शिकायत करने की अपील की गई है।
अधिक कीमत पर खाद बेचने पर करें शिकायत
प्रशासन ने किसानों से कहा है कि यदि कोई विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर उर्वरक बेचता है या उर्वरक वितरण में किसी अन्य प्रकार की अनियमितता करता है तो इसकी शिकायत जनपद स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम में की जा सकती है।
इसके लिए कंट्रोल रूम नंबर 7302640291 पर किसी भी कार्य दिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों को निर्धारित मूल्य पर पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और अनियमितता मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।