किसानों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने पर जोर, मूंग खरीद केंद्रों के प्रचार से लेकर फसल बीमा तक दिए निर्देश - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 8 अगस्त 2026

किसानों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने पर जोर, मूंग खरीद केंद्रों के प्रचार से लेकर फसल बीमा तक दिए निर्देश

किसानों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने पर जोर, मूंग खरीद केंद्रों के प्रचार से लेकर फसल बीमा तक दिए निर्देश

आगरा। कृषि और उससे जुड़े विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर शुक्रवार, 7 अगस्त को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी, आगरा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य एवं सहकारिता विभाग में संचालित योजनाओं और कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उनका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान सहकारिता विभाग को निर्देश दिए गए कि जनपद में संचालित मूंग के क्रय केंद्रों की जानकारी दैनिक समाचार पत्रों के माध्यम से किसानों तक पहुंचाई जाए। इसके साथ ही क्रय केंद्रों के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों को इसकी जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

उप निदेशक कृषि एवं फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधि को निर्देशित किया गया कि किसानों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक संख्या में फसल बीमा कराया जाए। बैठक में किसानों को विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं को आपस में लिंक करते हुए फसल प्रदर्शनी आयोजित कराने के भी निर्देश दिए गए।

खेत तालाब योजना को मत्स्य विभाग की योजनाओं से जोड़ने पर जोर

बैठक में खेत तालाब योजना के लाभार्थियों को मत्स्य विभाग की योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मोती उत्पादन योजना को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया, ताकि किसानों की आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित किए जा सकें।

कृषि क्षेत्र में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए भी अधिकारियों को विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए। महिलाओं को कृषि आधारित योजनाओं और गतिविधियों से जोड़कर उनकी भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।

बुवाई से पहले मिट्टी की जांच कराने के निर्देश

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसानों को फसल की बुवाई से पहले खेत की मिट्टी की जांच कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड में दी गई संस्तुतियों के अनुसार ही उर्वरकों का प्रयोग करने के लिए जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।

video

Pages